COVID-19: 8 और देशों के प्रति सख्त हुआ चीन, एंट्री पर 14 दिन के लिए किए जाएंगे क्वारंटाइन
तीन माह पहले दिसंबर में चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस मामला अब दुनिया के अधिकांश देशों को अपने चपेट में ले चुका है।
शंघाई, रायटर्स। चीन में कोरोना वायरस को लेकर सख्ती से एहतियात बरतना जारी है। शंघाई (Shanghai) में गुरुवार को आठ और देशों को लिस्ट में जोड़ा गया जहां से पर्यटकों के आने पर प्रवेश तो मिलेगा लेकिन 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। आधिकारिक वीचैट अकाउंट (WeChat account) पर यह जानकारी दी गई है।
नए फैसलों के तहत प्रभावित देशों की लिस्ट में आंकड़ा 24 हो गया है जो शुक्रवार से प्रभावित होगा। नवीनतम जुड़े नामों में ऑस्ट्रेलिया (Australia), मलेशिया (Malaysia), यूनान (Greece), चेक रिपब्लिक (Czech Republic), फिनलैंड (Finland), कतर (Qatar), कनाडा (Canada) और सऊदी अरब (Saudi Arabia) हैं। पिछले 14 दिनों में जो भी इन 24 देशों में रहे हैं उन्हें शंघाई आने से पहले अलग क्वारंटाइन किया जाएगा।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने आधिकारिक तौर पर कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है। इस क्रम में इटली, फ्रांस समेत कई देशों ने अपनी सीमाओं को सील कर दिया है और यूरोपीय संघ ने सभी गैर जरूरी यात्राओं पर रोक लगा दी है। एल सल्वाडोर (El Salvador) ने पूरे देश में क्वारंटाइन का निर्देश जारी किया और देश में विदेशियों के प्रवेश पर रोक लगा दी जबकि वहां अब तक एक भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए कुछ देशों ने अपने नागरिकों को लॉकडाउन कर दिया है। चीन (China), डेनमार्क (Denmark), एल सल्वाडोर (El Salvador), फ्रांस (France), आयरलैंड (Ireland), इटली (Italy), न्यूजीलैंड (New Zealand), पोलैंड (Poland) और स्पेन में लॉकडाउन किया गया है। पूरी दुनिया में 212,000 संक्रमण के मामले हैं ओर 8,700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। चीन का वुहान शहर जहां से पहली बार इस वायरस का सफर शुरू हुआ. वहां 6 हफ्ते से ज्यादा लॉक डाउन के हालात थे। साथ ही देश के अन्य शहरों में अभी भी कई प्रतिबंध लागू हैं।
बता दें कि चीन के ही वुहान शहर से पिछले साल दिसंबर में कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया था और फिर तीन ही महीने में दुनिया भर के 176 देश संक्रमण का शिकार हो गए।