'NYC में यहूदी सेफ नहीं', नेतन्याहू ने लगाया आरोप; ममदानी बोले- ये बातें बेबुनियाद
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर यहूदियों की सुरक्षा को ...और पढ़ें
HighLights
नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क में यहूदियों की सुरक्षा पर चिंता जताई।
मेयर ममदानी ने नेतन्याहू के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया।
ममदानी ने नेतन्याहू पर युद्ध अपराधों के आरोप दोहराए।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को UN जनरल असेंबली में भाषण दिया। अपने भाषण में नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला।
बेंजामिन नेतन्याहू ने जोहरान ममदानी पर आरोप लगाते हुए कहा न्यूयॉर्क शहर में रहने वाले यहूदी अब सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। नेतन्याहू के इन आरोपों को ममदानी के पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है।
नेतन्याहू का ममदानी पर हमला
न्यूयॉर्क में UN के मंच से सीधे ममदानी को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा, 'मिस्टर ममदानी, आपने मुझे यहां आने से रोकने की कोशिश की। आपने मुझे चुप कराने की कोशिश की। लेकिन, आप मुझे चुप नहीं करा सकते। आप सच को चुप नहीं करा सकते।'
नेतन्याहू ने आगे कहा, 'मिस्टर ममदानी, जब से आप इस शहर के मेयर चुने गए हैं, न्यूयॉर्क में कई यहूदी सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। वे मुझसे बात करते हैं। वे मुझसे कहते हैं, यह वह शहर नहीं है जिसे हम जानते थे। यह बहुत तेजी से बदल गया है।'
नेतन्याहू ने ममदानी पर हमास के दोषी समर्थकों को अपने सहयोगियों में शामिल करने का आरोप लगाया और पॉडकास्टर हसन पिकर का जिक्र किया, जिन्होंने कहा था कि अमेरिका 11 सितंबर के हमलों का हकदार था। नेतन्याहू ने कहा वो ममदानी के दोस्तों में से एक हैं।
इजरायली नेता ने यह भी दावा किया कि ममदानी की पत्नी ने सोशल मीडिया पर उन पोस्ट को लाइक किया था जिनमें 7 अक्टूबर, 2023 के हमलों की तारीफ की गई थी और यह सुझाव दिया गया था कि तेल अवीव का अस्तित्व नहीं होना चाहिए।
नेतन्याहू ने कहा, 'आप इजरायल पर बार-बार नरसंहार का झूठा आरोप लगाते हैं। इजरायल ने नरसंहार नहीं किया, इजरायल ने नरसंहार को रोका।'
ममदानी ने नेतन्याहू के आरोपों को बताया बेबुनियाद
नेतान्याहू के जवाब में, ममदानी ने इजरायल के प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी U.N. स्पीच का इस्तेमाल फलस्तीनियों के नरसंहार को सही ठहराने के लिए बेबुनियाद झूठ दोहराने के लिए किया।
जोहरान ममदानी ने एक बयान में कहा, 'फिर भी, कोई भी झूठ इस सच्चाई को नहीं बदल सकता कि वह इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट का सामना कर रहे हैं, जिसमें उन पर युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप है।'
ममदानी ने नेतान्याहू की स्पीच में हिस्सा नहीं लिया। जब यह स्पीच हो रही थी, तब उनका नीदरलैंड के प्रधानमंत्री के साथ LGBTQ+ युवाओं के साथ बातचीत में शामिल होने का कार्यक्रम था।
स्पीच शुरू होने से कुछ देर पहले, ममदानी ने सोशल मीडिया पर बिना किसी शब्द वाला एक मिनट का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने सरकारी आवास, ग्रेसी मैंशन में जैतून का पेड़ लगाते और गाजा के फलस्तीनी परिवारों के साथ रात का खाना खाते हुए दिख रहे थे। मेयर ने कैप्शन में लिखा, 'शांति ही हमारा भविष्य हो।'
