अमेरिका: कैलिफोर्निया में जंगल की आग बुझाते समय हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलटों की मौत
कैलिफोर्निया के योसेमाइट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान में लगा कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई।

कैलिफोर्निया में जंगल की आग बुझाते समय हेलीकॉप्टर क्रैश(फोटो: रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। कैलिफोर्निया के योसेमाइट नेशनल पार्क में लगी जंगल की आग को बुझाने के अभियान में मदद कर रहा एक कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई है। अमेरिकी समयानुसार, अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने सोमवार को जानकारी दी।
यह दुर्घटना रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:55 बजे मैरीपोसा काउंटी में हुई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे।
कैलिफोर्निया कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम 3 के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के समय हेलीकॉप्टर वाटर बकेट ऑपरेशन के तहत आग पर पानी डाल रहा था, तभी वह योसेमाइट में लेक ऑस्ट्रैंडर के दक्षिण-पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
एजेंसी ने पायलट को दी श्रद्धांजलि
अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने मृतकों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में की है। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एजेंसी ने कहा कि वह एक समर्पित एविएटर और हम में से कई लोगों के बेहद करीबी दोस्त थे।
एजेंसी ने बताया कि दूसरे पायलट की पहचान अभी तक परिजनों को सूचित किए जाने की प्रतीक्षा में रोकी गई है। इस बीच, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
नेशनल पार्क सर्विस ने सोमवार को बताया कि डोम फायर पर 15 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया है। यह आग सबसे पहले 15 सितंबर को वावोना क्षेत्र में चिलनुआलना फॉल्स के पास भड़की थी।
आग के कारण कुछ ट्रैकिंग रास्तों और दूरदराज के इलाकों को बंद कर दिया गया है, हालांकि योसेमाइट नेशनल पार्क अभी भी पर्यटकों के लिए खुला है।
मियामी में पिछले महिने हुई थी अमेजन कार्गो विमान हादसा
इस महीने की शुरुआत में भी अमेरिका में एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जब फ्लोरिडा राज्य के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का एक कार्गो विमान रनवे से आगे निकलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई थी और पांच अन्य घायल हुए थे।
मियामी-डेड काउंटी की मेयर डेनिएला लेविन कैवा के अनुसार, सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सामने आए वीडियो फुटेज में विमान से गाढ़ा धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया था।
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू ने एक्स पर जानकारी दी थी कि हादसे के बाद 60 से अधिक रेस्क्यू गाड़ियां और लगभग 200 अग्निशमनकर्मी मौके पर पहुंचे थे। एजेंसी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 767-300 कार्गो विमान ने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी।
