विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी, हनीमून और मौत... कौन थे भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी जिनकी जॉर्जिया हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई मौत?

Published: Tue, 02 Jun 2026 02:32 PM (IST)

भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की जॉर्जिया में शादी के कुछ घंटे बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। ...और पढ़ें

मातम में बदली शादी की खुशी।

मातम में बदली शादी की खुशी।

HighLights

  1. भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत।

  2. शादी के कुछ घंटे बाद जॉर्जिया में हुआ दुखद हादसा।

  3. पत्नी जेसनी दुर्घटना में बचीं, अस्पताल में भर्ती हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डेल्टा एयर लाइन्स के भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की अमेरिका के जॉर्जिया में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। ये हादसा तब हुआ जब उन्होंने अपनी लंबे समय की पार्टनर जेसनी से कुछ घंटे पहले ही शादी की थी।

शुक्रवार रात डॉसनविले में अपनी शादी की रस्मों के बाद यह जोड़ा एक रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर में सवार हुआ था। अटलांटा न्यूज फर्स्ट के अनुसार, शादी के बाद विदाई समारोह के हिस्से के तौर पर इस विमान को डेकालब-पीचट्री हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरनी थी।

घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर

उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद शादी की जगह के पास घने जंगल वाले इलाके में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर के पायलट की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। जेसनी इस दुर्घटना में बच गईं और फिलहाल अस्पताल में हैं।

कौन थे डेव फिजी?

दंपती भारतीय मूल के थे और उनके परिवार की जड़ें केरलम से जुड़ी हैं। डेव फिजी अमेरिकी एयरलाइन डेल्टा में पायलट के रूप में कार्यरत थे। डेव के पिता के मुताबिक, डेव बचपन से ही पायलट बनना चाहता था। वह पहले Endeavor Air में फर्स्ट ऑफिसर बना और बाद में Delta Air Lines में फर्स्ट ऑफिसर के तौर पर शामिल हो गया।

परिवार वालों के मुताबिक, डेव और जेस्नी की मुलाकात साउथ कैरोलिना और जॉर्जिया के चर्च से जुड़े लोगों के जरिए हुई थी और बाद में दोनों एक रिश्ते में बंध गए। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने उन्हें ऐसे दोस्त बताया जो बाद में जीवनसाथी बन गए।

मातम में बदलीं खुशियां

रिपोर्ट के अनुसार, शादी समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। विवाह के बाद नवदंपती को हेलीकाप्टर के जरिए होटल तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण यह खुशी कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई।

डेव के पिता जार्ज फिजी ने बताया कि उनके बेटे ने उड़ान से पहले खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि डेव ने पायलट से कहा था कि ऐसी स्थिति में सामान्यतः उड़ान नहीं भरी जाती।

परिवार के अनुसार, बाद में जेस्नी ने बताया कि पायलट ने ऊंचाई पर जाकर उड़ान भरने की बात कही थी। अमेरिका का राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) हादसे की जांच कर रहा है।

घंटों फंसी रही जेस्नी

परिवार वालों ने बताया कि जेस्नी करीब छह घंटे तक हेलीकॉप्टर के अंदर फंसी रही, जिसके बाद इमरजेंसी टीम ने उसे ढूंढ निकाला। जॉर्ज फिजी ने बताया कि बाद में जेस्नी ने परिवार वालों को बताया कि मलबे के अंदर ही उसे होश आया और उसने देखा कि डेव उसके बगल में ही था।

एक नर्स होने के नाते, वह समझ गई थी कि डेव की मौत हो चुकी है। जॉर्ज ने बताया कि जेस्नी को कट और खरोंचें तो आईं, लेकिन उसकी कोई हड्डी नहीं टूटी।

यह भी पढ़ें: अमेरिका: शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश में भारतीय मूल के पायलट की मौत, बाल-बाल बची पत्नी