ईरान युद्ध के बीच समुद्र में 357 दिन बिताकर लौटा अमेरिकी युद्धपोत, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे लंबी तैनाती का रिकॉर्ड
अमेरिकी युद्धपोत USS स्प्रुएंस 357 दिन समुद्र में बिताकर अपने नौसैनिक अड्डे लौटा, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी भी अमेरिकी डिस्ट्रॉयर की सबसे लंबी तैनाती है।

USS स्प्रुएंस की रिकॉर्ड तोड़ 357 दिन की समुद्री तैनाती

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। द्वितीय विश्व युद्ध के खत्म होने के 80 से ज्यादा सालों बाद, अमेरिकी नौसेना के एक युद्धपोत ने ऐतिहासिक पड़ाव हासिल किया है। गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर USS स्प्रुएंस लगभग एक पूरा साल यानी 357 दिन समुद्र में बिताने के बाद अपने मुख्य नौसैनिक अड्डे लौट आया है।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी भी अमेरिकी डिस्ट्रॉयर की यह सबसे लंबी तैनाती मानी जा रही है।
इसके साथ ही, एक अन्य डिस्ट्रॉयर USS माइकल मर्फी भी 346 दिनों की लंबी समुद्री तैनाती पूरी कर वापस लौटा है। ये स्पष्ट रूप से दिखाता है कि ईरान के साथ चल रहे सैन्य संघर्ष ने अमेरिकी नौसेना पर कितना भारी दबाव डाल रखा है।
सामान्य मिशन से युद्ध क्षेत्र तक का सफर
रक्षा वेबसाइट द वॉर जोन की रिपोर्ट के अनुसार, USS अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप में शामिल ये दोनों अर्ले बर्क-क्लास डिस्ट्रॉयर 12 और 13 नवंबर को क्रमशः पर्ल हार्बर-हिकम (हवाई) और सैन डिएगो नौसैनिक अड्डे पर पहुंचे।
शुरुआत में इन दोनों जहाजों को पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में एक सामान्य रूटीन तैनाती के लिए भेजा गया था। हालांकि, फरवरी 2026 में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और संघर्ष बढ़ने के कारण इनका मिशन अचानक बदल दिया गया।
इन्हें तत्काल मिडिल ईस्ट भेजा गया, जहां इन्होंने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, ईरानी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए और ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी नेवल ब्लॉकेड को लागू किया। अगस्त में जब विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन इस क्षेत्र से लौटा, तब भी नाकेबंदी को जारी रखने के लिए इन दोनों डिस्ट्रॉयर को वहीं तैनात रखा गया।
अमेरिकी नौसेना के सामने बढ़ता संकट
आमतौर पर अमेरिकी नौसेना अपने युद्धपोतों की तैनाती छह से सात महीने के चक्र के हिसाब से तय करती है। लेकिन ईरान के साथ जारी संघर्ष और हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र की जिम्मेदारियों ने नौसेना के सामने संसाधनों का संकट खड़ा कर दिया है।
चीफ ऑफ नेवल ऑपरेशंस एडमिरल डेरिल कॉडल ने चेतावनी दी है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य में 10 से 11 महीने की लंबी तैनाती आम बात हो सकती है। वर्तमान में अमेरिकी नौसेना के पास 280 से कुछ अधिक युद्धपोत हैं, जिनमें लगभग 78 डिस्ट्रॉयर शामिल हैं। एडमिरल कॉडल का मानना है कि देश की बढ़ती वैश्विक सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए नौसेना के बेड़े का आकार पर्याप्त नहीं है।
मरम्मत और रखरखाव पर असर
युद्धपोतों को लगभग एक साल तक लगातार समुद्र में रखने से उनकी तकनीकी देखभाल भी प्रभावित हो रही है। लंबे अभियानों के बाद जहाजों को व्यापक मरम्मत की आवश्यकता होती है, जिससे अगले मिशनों के लिए उपलब्ध जहाजों की संख्या घट जाती है।
उदाहरण के लिए, USS स्प्रुएंस का नियमित रखरखाव मूल रूप से जुलाई 2026 में तय था, जिसे लंबी तैनाती के कारण अब टालकर जनवरी 2027 कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।