यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
व्हाइट हाउस ने बताया 2023 का प्लान, स्ट्रैटेजिक पोजीशन को मजबूत करने पर फोकस करेगा अमेरिका
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन पियरे ने कहा कि साल 2023 में अमेरिका लंबे समय के लिए अपनी सामरिक स्थिति को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा अमेरिका घरेलू शक्ति के स्रोतों में निवेश करेगा साथ ही खाद्य सुरक्षा को लेकर दुनिया भर में गठबंधन बनाने पर काम करेगा।

वॉशिंगटन, एजेंसी। US Strategic Position Plan: अमेरिका ने 2023 के लिए अपनी रणनीति साफ कर दी है। मंगलवार को व्हाइट हाउस (White House) की तरफ से कहा गया कि अमेरिका लंबे समय तक अपनी स्ट्रैटेजिक पोजीशन को मजबूत करना जारी रखेगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन पियरे (Karine Jean Pierre) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ये एक निर्णायक दशक है और हम इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि हम किस तरह से अपने समय की सबसे बड़ी चुनौतियों का समाधान करने के लिए विविध गठबंधनों का निर्माण करते हुए आगे बढ़ते हैं।
कई देशों के नेकाओं से मिला अमेरिकी राष्ट्रपति
जीन पियरे ने कहा कि 2022 में भी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिका, अफ्रीका, दक्षिण-पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति बाइडन ने इतने सारे नेताओं से मुलाकात केवल एक साल में ही की है। इसके अलावा उन्होंने जी7, जी20 और नाटो शिखर सम्मेलन जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में भी भाग लिया है।
सामरिक स्थिति पर फोकस
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन पियरे ने बताया कि इस वर्ष अमेरिका लंबे समय के लिए अपनी सामरिक स्थिति को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, अमेरिका घरेलू शक्ति के स्रोतों में निवेश करेगा। अमेरिका यूरोप और दुनिया में आक्रामकता के खिलाफ रहेगा साथ ही संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए यूक्रेन के साथ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के सिद्धांत पर काम करेगा। खाद्य सुरक्षा को लेकर दुनिया भर में गठबंधन बनाने पर काम करेगा।
यूक्रेन का समर्थन
रूस-यूक्रेन के बीच जंग पर एक सवाल के जवाब में जीन पियरे ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन का समर्थन जारी रखेगा, जिससे जब दोनों देश बातचीत की टेबल पर हों, तो यूक्रेन मजबूत स्थिति में हो।
ये भी पढ़ें:
Pele Funeral: ब्राजील ने अपने चहेते फुटबॉल स्टार को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, देखें वीडियो
www.jagran.com/football/headlines-brazil-bids-farewell-to-beloved-soccer-star-pele-23282602.html