विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

US वीजा नियम में 'एक लाइन' के बदलाव का प्रस्ताव, भारतीयों समेत हजारों विदेशी कर्मचारियों की बढ़ेगी टेंशन

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:49 PM (IST)

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने वीजा विस्तार नियमों में बदलाव का प्रस्ताव रखा है, जिससे H-1B सहित प्रमुख वर्क वीजा धारकों के लिए नवीनीकरण प्रक्रिया कठिन हो जाएगी।

अमेरिका में वीजा नियम में बदलाव का प्रस्ताव (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

अमेरिका में वीजा नियम में बदलाव का प्रस्ताव (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. वीजा विस्तार नियमों में अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग का नया प्रस्ताव।

  2. H-1B सहित प्रमुख वर्क वीजा नवीनीकरण अब होगा कठिन।

  3. लाखों भारतीय आईटी पेशेवरों पर पड़ेगा सीधा असर।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में काम कर रहे लाखों विदेशी पेशेवरों खासतौर पर भारतीय आईटी और अन्य क्षेत्रों के कर्मचारियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने वीजा विस्तार से जुड़े नियमों में एक छोटा लेकिन बेहद असरदार बदलाव करने का प्रस्ताव रखा है।

इस बदलाव के तहत इमिग्रेशन नियमों से सिर्फ एक प्राविधान यानी एक लाइन हटाया जा रहा है, लेकिन इसका सीधा असर H-1B, L-1, O-1, TN और E जैसे प्रमुख वर्क वीजा धारकों पर पड़ेगा।

बता दें कि अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो हर साल वीजा रिन्यू कराने वाले करीब 2 लाख से ज्यादा यानी 2,08,429 आवेदनों को मिलने वाली बड़ी राहत खत्म हो जाएगी। ऐसे में अब सवाल है कि आखिर यह कैसा बदलाव है? इससे कैसे पुरानी वीजा मंजूरी भी खतरे में पड़ सकती है? आइए जानते हैं।

अभी क्या नियम है और सरकार क्या बदलना चाहती है?

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि अभी तक नियम (Section 8 CFR 214.1(c)(5)) यह है कि अगर कोई कर्मचारी उसी कंपनी और उसी पद पर रहते हुए अपना वीजा बढ़ाने के लिए 'फॉर्म I-129' भरता है, तो इमिग्रेशन अधिकारी पिछली बार दी गई वीजा मंजूरी को आधार मानते हैं। यानी जब तक कोई बड़ी गलती या बड़ा बदलाव न हो, तब तक वीजा आसानी से रिन्यू हो जाता है।

अब नए प्रस्ताव में क्या-क्या?

बात यही खत्म नहीं हुआ, 14 अक्टूबर 2026 को जारी प्रस्ताव के मुताबिक, सरकार इस नियम को खत्म करना चाहती है। इसका मतलब यह नहीं है कि मौजूदा वीजा अपने आप रद्द हो जाएंगे, बल्कि अब अधिकारियों के लिए पिछली मंजूरी को मानना अनिवार्य नहीं होगा।

उदाहरण के तौर पर ऐसे समझिए कि मान लीजिए आप H-1B वीजा पर एक ही कंपनी में काम कर रहे हैं और आपके पद में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिर भी, रिन्यूअल के समय अधिकारी यह सवाल उठा सकते हैं कि आपका काम 'स्पेशलिटी ऑक्यूपेशन' के दायरे में आता है या नहीं, भले ही पिछली बार इसी पद को मंजूरी मिली हो।

अमेरिकी सरकार यह बदलाव क्यों कर रही है?

DHS ने इस नियम को हटाने के पीछे तीन मुख्य तर्क दिए हैं। 

नियोक्ता की जिम्मेदारी- कानून के तहत यह साबित करने की जिम्मेदारी कंपनी (नियोक्ता) की है कि कर्मचारी वीजा के योग्य है, न कि अधिकारी की कि वह पिछली मंजूरी को गलत साबित करे।

जांच में सख्ती- पुराने नियम की वजह से अधिकारी संदेह होने पर भी 'रिक्वेस्ट फॉर एविडेंस' (RFE - अतिरिक्त सबूत मांगना) जारी करने से हिचकते थे।

पुरानी गलती सुधारना- सरकार का मानना है कि अगर पहली बार में किसी को गलती से या संदिग्ध तरीके से वीजा मिल गया था, तो पुराने नियम की वजह से उसे बार-बार एक्सटेंशन मिलता रहता है।

विदेशी कर्मचारियों और भारतीयों पर क्या असर पड़ेगा?

इस बात को ऐसे समझिए कि अगर यह प्रस्ताव अंतिम रूप ले लेता है, तो सामान्य वीजा रिन्यूअल भी किसी नए वीजा आवेदन जैसा कठिन हो जाएगा।

अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग (ज्यादा RFE)- सरकार का खुद का अनुमान है कि इस बदलाव से हर साल करीब 6,044 अतिरिक्त RFE जारी होंगे। कंपनियां और कर्मचारी पुराने मंजूर हो चुके काम के लिए भी नए सिरे से सबूत जुटाने में उलझेंगे।

प्रोसेसिंग में देरी- दस्तावेजों की दोबारा जांच और RFE के जवाब दाखिल करने से वीजा मंजूरी में लगने वाला समय काफी बढ़ जाएगा।

काम करने की समय-सीमा (240 दिन का नियम)- समय पर एक्सटेंशन फाइल करने वाले H-1B कर्मचारी वीजा खत्म होने के बाद भी अधिकतम 240 दिनों तक काम जारी रख सकते हैं। प्रोसेसिंग में देरी होने से कई कर्मचारी इस समय-सीमा के करीब पहुंच सकते हैं, जिससे नौकरी पर खतरा बढ़ जाएगा।

विदेश यात्रा (भारत आने-जाने) में परेशानी- कई कर्मचारी वीजा एक्सटेंशन की मंजूरी मिलने के बाद ही स्टैंपिंग के लिए भारत या अपने देश जाते हैं। देरी होने से परिवार की इमरजेंसी या छुट्टियों में घर जाना मुश्किल हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।