अमान्य हस्ताक्षर पर 10 जुलाई से नहीं मिल सकेगा अमेरिकी वीजा, आंतरिक सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किए नए नियम
अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने नए आव्रजन नियमों को स्पष्ट किया है, जिसके तहत 10 जुलाई, 2026 से अमान्य हस्ताक्षर वाले अमेरिकी वीजा आवेदन सीधे अस्वीकृत किए जा सकते हैं और शुल्क भी जब्त हो सकता है।

अमान्य हस्ताक्षर पर 10 जुलाई से नहीं मिल सकेगा अमेरिकी वीजा। (फाइल)
HighLights
10 जुलाई 2026 से अमान्य हस्ताक्षर पर वीजा अस्वीकृत।
डीएचएस ने नए आव्रजन हस्ताक्षर नियमों को स्पष्ट किया।
कई वीजा श्रेणियों पर लागू होंगे ये नियम।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआइएस) के नए हस्ताक्षर नियमों को स्पष्ट किया है। डीएचएस का कहना है कि यदि आव्रजन प्राधिकारी को पता चलता है कि आव्रजन फार्म पर हस्ताक्षर अमान्य हैं, तो अब वह आवेदन अस्वीकार कर सकता है और कुछ मामलों में आवेदन शुल्क भी अपने पास रख सकता है।
पहले यूएससीआइएस आमतौर पर बिना हस्ताक्षर वाले फॉर्म अस्वीकार कर देता था। लेकिन 11 मई, 2026 को अधिसूचित संशोधित नियम के तहत, अगर महीनों या वर्षों बाद भी आवेदन की जांच के दौरान यह मुद्दा सामने आता है, तो यूएससीआइएस अधिकारी आवेदन वापस भेजने के बजाय सीधे तौर पर वीजा अस्वीकृत कर सकते हैं।
यह नियम 10 जुलाई, 2026 को या उसके बाद यूएससीआइएस में दाखिल किसी भी आवेदन (लाभकारी अनुरोध) पर लागू होता है।
मान्य हस्ताक्षर
हाथ से किया गया हस्ताक्षर- हाथ से बनाया गया 'एक्स' का निशान- अंगूठे का निशान- ऑनलाइन सिस्टम के जरिये दाखिल इलेक्ट्रानिक हस्ताक्षर। मूल हस्ताक्षर की स्कैन की गई या फोटोकापी प्रति भी स्वीकार्य।
अमान्य हस्ताक्षर
हस्ताक्षर के बजाय टाइप किए गए नाम- मुहर वाले हस्ताक्षर- हस्ताक्षर की कापी-पेस्ट तस्वीरें- सिग्नेचर ऑफ्टवेयर से बनाए गए हस्ताक्षर- बिना अधिकार के किसी अन्य व्यक्ति द्वारा हस्ताक्षर- आवेदकों की ओर से वकीलों, फार्म तैयार करने वालों या दुभाषियों द्वारा हस्ताक्षर।
किन पर लागू होगा नया हस्ताक्षर नियम?
- रोजगार-आधारित वीजा आवेदक
- परिवार-आधारित ग्रीन कार्ड आवेदक
- एच-1बी आवेदक
- एल-1 वीजा आवेदक
- एफ-1 छात्र वीजा आवेदन
- ओपीटी और एसटीईएम ओपीटी आवेदक
- फॉर्म आई-485 के आवेदक
- वर्क परमिट के आवेदक
- शरण मांगने वाले आवेदक
- यू वीजा आवेदक
- नागरिकता के आवेदक
- टीपीएस आवेदक
- डीएसीए से संबंधित आवेदन
- आव्रजन याचिकाएं दायर करने वाले नियोक्ता
इसे भी पढ़ें: ईरान वार्ता में अमेरिका की 5 बड़ी शर्तें, परमाणु कार्यक्रम पर बढ़ा तनाव; यूरेनियम सौंपने की भी मांग