'मैं डरने वाला नहीं हूं', ईरान की धमकियों के बीच बोले US ट्रेजरी चीफ
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को ईरान से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद उन्हें अपना घर छोड़कर सैन्य अड्डे पर शिफ्ट होना पड़ा है।

अमेरिकी वित्त मंत्री को ईरान ने दी जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को ईरान से धमकियां मिलीं।
धमकियों के कारण बेसेंट सैन्य अड्डे पर शिफ्ट हुए।
बेसेंट ने कहा, वित्तीय दबाव ईरान पर असर कर रहा है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। ईरान के खिलाफ अमेरिका का 'आर्थिक युद्ध' तेहरान पर भारी पड़ने लगा है, लेकिन इस अभियान की कमान संभाल रहे अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट अब खुद ईरान के निशाने पर आ गए हैं।
हालांकि, बेसेंट डरने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें और अन्य सीनियर अमेरिकी अधिकारियों को मिल रही धमकियां इस बात का सबूत हैं कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा तेहरान पर डाला जा रहा वित्तीय दबाव काम कर रहा है।
ईरानी नेतृत्व के लिए बेसेंट का संदेश एकदम साफ और कड़ा था। उन्होंने कहा, 'ईरान के नेतृत्व की ऐसी-तैसी, मैं डरने वाला नहीं हूं।'
दरअसल, ईरान द्वारा जान से मारने की लगातार मिल रही धमकियों और सुरक्षा चिंताओं के चलते बेसेंट को वाशिंगटन स्थित अपना घर छोड़कर एक सैन्य अड्डे (मिलिट्री बेस) में शिफ्ट होना पड़ा है। वहीं ट्रंप ने भी तेहरान को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
CNBC को दिए एक इंटरव्यू में बेसेंट ने बताया कि ये धमकियां केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि ट्रंप कैबिनेट के अन्य सदस्यों को भी दी गई थीं। उन्होंने इसे तेहरान के खिलाफ वाशिंगटन के आर्थिक अभियान 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' का नतीजा बताते हुए कहा कि इस दबाव से ईरान को नुकसान पहुंचना शुरू हो गया है।
आर्थिक प्रतिबंधों के कारण इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की बढ़ती हताशा पर बात करते हुए बेसेंट ने इसकी तुलना एक घिरे हुए खतरनाक जानवर से की।
मुझे डरने की क्या जरूरत है
उन्होंने कहा, 'जब खाड़ी में तैनात हमारे बहादुर सैनिक और खुद राष्ट्रपति ट्रंप लगातार जान से मारने की धमकियां झेल रहे हैं, तो मुझे डरने की क्या जरूरत है? हमारी रणनीति का असर हो रहा है, और IRGC की स्थिति बिल्कुल उस खतरनाक जानवर जैसी हो गई है जिसे चारों तरफ से घेर लिया गया हो।'