विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रसोइया-हाउसकीपर जैसे कामों के लिए अमेरिका जारी करेगा दोगुना एच-2बी वीजा, श्रमिक संकट से मिलेगी राहत

Published: Sun, 01 Feb 2026 07:30 AM (IST)

अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने इस साल एच-2बी गेस्ट वर्कर वीजा की संख्या लगभग दोगुनी करने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

रसोइया-हाउसकीपर जैसे कामों के लिए अमेरिका जारी करेगा दोगुना एच-2बी वीजा (फाइल फोटो)

रसोइया-हाउसकीपर जैसे कामों के लिए अमेरिका जारी करेगा दोगुना एच-2बी वीजा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ट्रंप प्रशासन का बड़ा फैसला, सितंबर तक करीब 65 हजार अतिरिक्त गेस्ट वर्कर वीजा जारी होंगे

  2. श्रमिक संकट से जूझ रहे अमेरिकी उद्योगों को राहत, ट्रंप के सख्त रुख के बीच अपवाद

न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने इस साल एच-2बी गेस्ट वर्कर वीजा की संख्या लगभग दोगुनी करने का फैसला किया है। सरकार ने कहा है कि सितंबर तक करीब 65,000 अतिरिक्त एच-2बी वीजा जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही एक साल में जारी किए जाने वाले इन वीजा की अधिकतम संख्या प्रभावी रूप से दोगुनी हो जाएगी।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैध इमिग्रेशन के कई रास्तों को सीमित किया है और बड़े पैमाने पर निर्वासन अभियान चलाया जा रहा है। अमेरिका के कई शहरों में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आइसीई) की सख्त कार्रवाइयों ने माहौल को और कड़ा बना दिया है।

हालांकि, ट्रंप प्रशासन का यह कदम कुछ अलग नजर आता है। इसकी वजह अमेरिकी कारोबारी वर्ग का दबाव माना जा रहा है, जो लंबे समय से कहता आ रहा है कि मौसमी कामों के लिए विदेशी श्रमिकों की सख्त जरूरत है। खासतौर पर लैंडस्केपिंग, निर्माण, होटल और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में श्रमिकों की भारी कमी बताई जा रही है।

एच-2बी वीजा कार्यक्रम के तहत विदेशी श्रमिकों को अस्थायी और गैर-कृषि कार्यों के लिए अमेरिका आने की अनुमति मिलती है। ट्रंप खुद भी इस कार्यक्रम के नियमित उपयोगकर्ता रहे हैं। उनके होटल और निजी क्लब, जिनमें फ्लोरिडा का मार-ए-लागो शामिल है, पहले भी रसोइए, हाउसकीपर और सर्वर जैसे पदों के लिए एच-2बी श्रमिकों को नियुक्त करते रहे हैं।

आमतौर पर एच-2बी वीजा की सालाना कानूनी सीमा 66,000 होती है। लेकिन जब आवेदन इस सीमा से ज्यादा हो जाते हैं, तो सरकार अतिरिक्त वीजा को मंजूरी देती रही है। ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद यह साफ नहीं था कि इस बार भी अतिरिक्त वीजा मिलेंगे या नहीं, इसलिए उद्योग संगठनों ने सरकार पर जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाया।

नेशनल एसोसिएशन आफ लैंडस्केप प्रोफेशनल्स ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को समय पर और कानूनी श्रमिकों की जरूरत है। संगठन के अनुसार, अगर मौसमी उद्योगों को पर्याप्त श्रमिक नहीं मिले, तो उनका संचालन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।