अमेरिका का बड़ा एक्शन: चंडीगढ़ के दंपती पर बैन, ईरान के तेल टैंकरों को फर्जी पहचान और दस्तावेज देने का लगा आरोप
अमेरिका ने चंडीगढ़ के एक दंपती और उनकी कंपनियों पर ईरान के तेल कारोबार में मदद करने के आरोप में प्रतिबंध लगाए हैं।

ईरान के तेल कारोबार से जुड़े चंडीगढ़ के दंपती और उनकी कंपनियों पर अमेरिका ने लगाया प्रतिबंध
HighLights
अमेरिका ने चंडीगढ़ के दंपती पर ईरान तेल व्यापार में प्रतिबंध लगाए।
दंपती पर जहाजों को फर्जी पहचान, प्रमाणपत्र देने का आरोप है।
सुनील शर्मा और जसप्रीत प्रीति शाहिद की कई कंपनियां प्रतिबंधित।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका ने ईरान के तेल कारोबार और उसके जहाजों को मदद पहुंचाने के आरोप में चंडीगढ़ के एक दंपती और उनसे जुड़ी कई कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, दंपती पर तेल परिवहन करने वाले जहाजों को फर्जी राष्ट्रीय पहचान और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है।
मंत्रालय ने सुनील कुमार शर्मा से जुड़े नौ अन्य संस्थानों को भी प्रतिबंधित सूची में शामिल किया है।अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद को प्रतिबंधित किया।
आरोप है कि दोनों ने कई देशों के समुद्री नियामक प्राधिकरणों के साथ धोखाधड़ी कर फर्जी जहाज पंजीकरण प्राधिकरण और समुद्री वर्गीकरण संस्थाएं स्थापित कीं।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, सुनील शर्मा और उनकी पत्नी ने गुयाना, इस्वातिनी और लाओस समेत विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हुए ईरान के तेल परिवहन में लगे जहाजों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने में मदद की।
सुनील शर्मा ने 2023 में सिंगापुर स्थित इस्वातिनी मैरीटाइम अफेयर्स एंड इंटरनेशनल शिप रजिस्ट्री पीटीई लिमिटेड की स्थापना की थी। इस्वातिनी के अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक रूप से इस संस्था से संबंध नकारने के बावजूद यह ईरानी तेल ले जाने वाले जहाजों को पंजीकरण सेवाएं देती रही।
अमेरिका का आरोप है कि सुनील शर्मा भारत स्थित ओशनिक टेक्नोलाजीज इंडिया के प्रबंध निदेशक हैं और इस कंपनी के जरिए अरूबा, निकारागुआ तथा सिंट मार्टेन के नाम पर फर्जी जहाज पंजीकरण व्यवस्थाएं बनाई गईं।
जसप्रीत प्रीति शाहिद के अलावा भारतीय नागरिक अश्वनी कुमार धीमान और इशविंदर सिंह भी सुनील शर्मा की कंपनियों में निदेशक के रूप में शामिल बताए गए हैं।
अमेरिका ने जसप्रीत प्रीति शाहिद के नियंत्रण वाली भारत स्थित छह कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाया है। इनमें प्रीसेप्ट ट्रेंड्स, पालीनेशिया मैरीटाइम, एलेक्सार्या फिनसर्व, एलेक्सार्या मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, विहाराबोटिंग और आर्यावर्त मैरीटाइम एंड एजुकेशनल ट्रस्ट शामिल हैं।
तुर्किये की कंपनी फुगो ग्राउंड सर्विसेज इंक पर भी प्रतिबंध
इसके अलावा तुर्किये की कंपनी फुगो ग्राउंड सर्विसेज इंक पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह कंपनी ईरान की प्रतिबंधित विमानन कंपनियों को ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य सेवाएं उपलब्ध करा रही थी।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने कहा कि ईरानी सरकार का समर्थन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जमीन, समुद्र या हवाई मार्ग से ईरान की मदद करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।