विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान में फंसे F-15 क्रू को बचाने के लिए अमेरिका ने चलाया डिसेप्शन कैंपेन, कैसे करता है काम?

Published: Sun, 05 Apr 2026 04:18 PM (IST)Updated: Sun, 05 Apr 2026 05:30 PM (IST)

अमेरिका ने ईरान में लापता F-15 फाइटर जेट के क्रू सदस्य को CIA के नेतृत्व में एक गुप्त डिसेप्शन कैंपेन ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने ईरान में F-15 फाइटर जेट के लापता क्रू को बचा लिया है। इस क्रू को बचाने के लिए अमेरिका ने CIA के नेतृत्व में एक डिसेप्शन कैंपेन (गुप्त अभियान) चलाया, जिससे ईरान के अंदरूनी इलाके में लापता F-15 क्रू सदस्य का पता लगाया जा सके और उसे बचाया जा सके।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर किए पोस्ट में लिखा, "हमने उसे बचा लिया! मेरे प्यारे अमेरिकी साथियों, पिछले कुछ घंटों में, अमेरिकी सेना ने अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियानों में से एक को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह अभियान हमारे एक बेहतरीन क्रू सदस्य अधिकारी के लिए था, जो एक बेहद सम्मानित कर्नल भी हैं, और मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि वह अब पूरी तरह सुरक्षित और सही-सलामत हैं।"

क्या है डिसेप्शन कैंपेन?

डिसेप्शन कैंपेन एक ऐसी गुप्त रणनीति होती है जिसमें दुश्मन को भ्रमित करने के लिए गलत जानकारी फैलाई जाती है। इसमें जानबूझकर झूठी सूचनाएं फैलाकर दुश्मन की दिशा और निर्णय को प्रभावित किया जाता है। इसमें असली मिशन को छिपाकर समय और सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। ऐसे मिशन अक्सर खुफिया एजेंसियों द्वारा अंजाम दिए जाते हैं। F-15 क्रू को बचाने में CIA ने अहम भूमिका निभाई।

CIA के नेतृत्व में एक गुप्त अभियान

NBC न्यूज ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा कि अमेरिका ने CIA के नेतृत्व में एक गुप्त अभियान चलाया, जिससे ईरान के अंदरूनी इलाके में लापता F-15 क्रू सदस्य का पता लगाया जा सके और उसे बचाया जा सके। ट्रंप प्रशासन के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यह बचाव अभियान एक सावधानीपूर्वक नियोजित खुफिया ऑपरेशन के जरिए संभव हो पाया, जिसे ईरानी सेना को गुमराह करने के लिए डिजाइन किया गया था।

डिसेप्शन कैंपेन से ईरानी सेना को दिया चकमा

अधिकारी ने कहा, "जब ईरानी सेना भ्रमित थी और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है, तब एजेंसी ने अपनी अद्वितीय और बेहतरीन क्षमताओं का उपयोग करके उस अमेरिकी सैनिक को खोज निकाला। यह बिल्कुल 'भूसे के ढेर में सुई खोजने' जैसा था, लेकिन इस मामले में वह एक बहादुर अमेरिकी सैनिक था जो पहाड़ की एक दरार में छिपा था, और CIA की क्षमताओं के बिना उसे देख पाना असंभव था।"

रिपोर्ट के अनुसार, CIA ने उस एयरमैन की लोकेशन रक्षा विभाग और व्हाइट हाउस को भेजी, जिसके बाद तुरंत एक बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसे रियल-टाइम खुफिया जानकारी का समर्थन प्राप्त था।

ट्रंप ने की बचाव अभियान की पुष्टि

राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस बचाव अभियान की पुष्टि की और बताया कि एयरमैन को चोटें आई थीं। ट्रंप ने कहा, "उसे चोटें आई हैं, लेकिन वह बिल्कुल ठीक हो जाएगा, और उन्होंने उस एयरमैन को एक बेहद सम्मानित कर्नल बताया।

राष्ट्रपति ने कहा, "यह तथ्य कि हम इन दोनों ऑपरेशनों को बिना किसी एक भी अमेरिकी सैनिक के मारे जाने या घायल हुए बिना सफलतापूर्वक अंजाम दे पाए, यह एक बार फिर साबित करता है कि हमने ईरानी आसमान पर जबरदस्त हवाई वर्चस्व और श्रेष्ठता हासिल कर ली है।"

यह भी पढ़ें- 'इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, समझौता कर लो': ट्रंप की ईरान को चेतावनी, सबसे बड़े पुल के गिरने का वीडियो शेयर किया