US में जीवनसाथी के काम करने के अधिकार को खत्म करने की तैयारी, भारतीय होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
अमेरिका में भारतीय पेशेवरों में लोकप्रिय एच-1बी वीजा के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी की गई है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में भारतीय पेशेवरों में लोकप्रिय एच-1बी वीजा के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी की गई है। वीजा नियमों में बदलाव को लेकर ह्वाइट हाउस को एक प्रस्ताव सौंपा गया है। इसमें एच-1बी वीजाधारक के जीवनसाथी के अमेरिका में काम करने के अधिकार को समाप्त करने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव पर मुहर लगने से 90 हजार से ज्यादा वीजाधारकों के जीवनसाथी प्रभावित होंगे। इनमें बड़ी संख्या भारतीयों की है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, गृह सुरक्षा विभाग ने राष्ट्रपति भवन ह्वाइट हाउस को बुधवार को यह प्रस्ताव सौंपा। ह्वाइट हाउस प्रस्तावित नियमों की समीक्षा करेगा और विभिन्न एजेंसियों से जानकारी जुटाने के बाद अंतिम निर्णय लेगा। इस प्रक्रिया में कुछ हफ्तों से लेकर कई महीने तक का समय लग सकता है। एच-1बी वीजा कार्यक्रम का जिम्मा संभालने वाली अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआइएस) ने हालांकि कहा है कि प्रस्तावित नियम अंतिम नहीं हैं।
दरअसल एच1बी वीजा विशेष तरह का वीजा है, जिसकी मदद से अमेरिकी कंपनियां खास तरह की विशेषज्ञता वाले विदेशी कर्मचारियों को नौकरी पर रखती हैं। इस वीजा की मदद से अमेरिकी टेक कंपनियां भारत और चीन जैसे देश से हर साल हजारों की संख्या में कर्मचारियों को नौकरी पर रखती हैं।
अमेरिकी नियमों के मुताबिक, अभी अमेरिका हर साल 65 हजार एच 1बी वीजा और अमेरिका में साइंस, टेक्नोलजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स में हायर एजुकेशन पूरी करने वालों के लिए 20 हजार अतिरिक्त वीजा जारी करता है। वीजा की संख्या बढ़ाए जाने के सवाल पर लैरी ने कहा कि हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। अभी हम इस पर काम कर रहे हैं।