ट्रंप ने कहा- शुल्क से बचने के लिए भारत करना चाहता व्यापार समझौता
ट्रंप ने कहा है कि भारत अमेरिका के साथ ऐसा व्यापार समझौता करना चाहता है, जिसमें उसके उत्पादों पर लगने वाले शुल्क में छूट मिल जाए।
वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से व्यापार को लेकर तीखा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि भारत अमेरिका के साथ ऐसा व्यापार समझौता करना चाहता है, जिसमें उसके उत्पादों पर लगने वाले शुल्क में छूट मिल जाए। ट्रंप अक्सर भारत सरकार पर आरोप लगाते रहते हैं कि वह अमेरिकी उत्पादों के आयात पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाता है।
ट्रंप ने कहा, भारत से हमारे अच्छे रिश्ते हैं। वह हमारे साथ व्यापार समझौता करना चाहता है। लेकिन वह चाहता है कि अमेरिका जो कर रहा है वह नहीं करे। ट्रंप ने यह बात अपने पुराने आरोपों के परिप्रेक्ष्य में कही, जिनमें वह कहते रहे हैं कि चीन और भारत जैसे देश अमेरिका की नीतियों का लगातार फायदा उठाते रहे हैं। ट्रंप इसी महीने पहले भी कह चुके हैं कि अमेरिकी प्रशासन के सख्त रवैये को देखकर भारत अब उसके साथ व्यापार समझौता करना चाहता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, आप मुक्त व्यापार की बात करते हैं। लेकिन भारत में हमारे उत्पादों पर 60 प्रतिशत शुल्क लगता है और वही सामान जब भारत से अमेरिका आता है, तो हम उनसे कुछ भी नहीं वसूलते। लेकिन अब हम इस व्यवस्था को बदलना चाहते हैं। हम भारतीय सामान पर भी 25 या 20 या 10 प्रतिशत शुल्क लगाना चाहते हैं। क्या यह गलत है। बाहर के लोग अमेरिका आ रहे हैं। किसी को अंदाजा है कि अमेरिका की कितनी मुश्किल बढ़ रही है। ट्रंप का इशारा सभी देशों से आने वाले लोगों की ओर था, लेकिन उन्होंने जिक्र केवल भारत का किया।