डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति 3900 करोड़ रुपये घटी, फोर्ब्स सूची में आए 92 पायदान नीचे
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार 24वें साल इस सूची में शीर्ष पर हैं। उनकी संपत्ति का मूल्य 89 अरब डॉलर (करीब 5787 अरब रुपये) होने का अनुमान है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति में 60 करोड़ डॉलर (करीब 3900 करोड़ रुपये) की कमी आई है। अब यह घटकर 3.1 अरब डॉलर (करीब 201 अरब रुपये) रह गई है। फोर्ब्स की मंगलवार को जारी 400 सबसे धनी अमेरिकियों की सूची से यह तथ्य उजागर हुआ है।
अरबपतियों की सूची में इस साल ट्रंप 248वें स्थान पर हैं। पिछले साल के 156वें स्थान के मुकाबले वह इस साल 92 पायदान नीचे हैं। ट्रंप इस साल स्नैप के 27 वर्षीय सह-संस्थापक एवं सीईओ इवान स्पीगल के साथ संयुक्त रूप से इस स्थान पर हैं। फोर्ब्स की सूची में स्पीगल सबसे कम उम्र के अरबपति हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार 24वें साल इस सूची में शीर्ष पर हैं। उनकी संपत्ति का मूल्य 89 अरब डॉलर (करीब 5787 अरब रुपये) होने का अनुमान है। अमेजन के संस्थापक और सीईओ जैफ बेजोस 81.5 अरब डॉलर (लगभग 5300 अरब रुपये) की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद वॉरेन बफे और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग का स्थान है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने एक बार फिर इस तरह उड़ाया हिलेरी क्लिंटन का मजाक