विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हम गलतियों से सीखते हैं', ईरान में शादी समारोह के दौरान अमेरिकी हमले में 5 लोगों की मौत पर बोले जेडी वेंस

Published: Fri, 04 Sep 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

ईरान में एक शादी समारोह पर अमेरिकी मिसाइल हमले में 5 लोगों की मौत हो गई। इसको लेकर अमेरिकी सेना ने नागरिकों को निशाना बनाने से इनकार किया है, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने घटना की जांच की बात कही है।

ईरान में शादी समारोह के दौरान अमेरिकी हमले पर जेडी वेंस का बयान (फाइल फोटो- रॉयटर्स)

ईरान में शादी समारोह के दौरान अमेरिकी हमले पर जेडी वेंस का बयान (फाइल फोटो- रॉयटर्स)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। दक्षिण ईरान के कुशेतक में एक शादी समारोह के दौरान अमेरिकी मिसाइल हमले में तीन महिलाओं और दो बच्चों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी रॉयटर्स और हथियार विशेषज्ञों के दावों के मुताबिक, समारोह पर अमेरिकी गोला-बारूद से सीधा निशाना साधा गया था।

हालांकि, अमेरिकी सेना ने नागरिकों को निशाना बनाने के आरोपों से इनकार किया है। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जांच की बात कहते हुए कहा कि अमेरिका अपनी सैन्य गलतियों से सीखता है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, बीते मंगलवार को दक्षिणी ईरान में एक शादी समारोह में हुए विस्फोट के पीछे संभवतः अमेरिकी गोलाबारी का सीधा निशाना था। यह विस्फोट किसी अन्य लक्ष्य से टकराकर वापस आने के कारण नहीं हुआ था।

हालांकि, अमेरिकी सैनिकों ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन रॉयटर्स ने अपने हथियार विशेषज्ञों के विश्लेषण का हवाला देते हुए अमेरिका की भूमिका का आरोप लगाया है।

क्या बोले विशेषज्ञ?

रॉयटर्स ने घटना की तस्वीरों और वीडियो को चार सैन्य हथियार विशेषज्ञों को दिखाया। उनका विश्लेषण कहता है कि यह नुकसान सीधे हमले से हुआ है, न कि किसी दूसरे लक्ष्य से टकराकर आई मिसाइल या मलबे के कारण। ईरानी मीडिया ने भी यही दावा किया है।

अमेरिकी सेना ने कहा कि उसे शादी में हुए घातक विस्फोट के बारे में ईरानी रिपोर्टों की जानकारी है, लेकिन अमेरिका कभी भी नागरिकों को निशाना नहीं बनाता।

इस हमले को लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका ईरान में एक शादी समारोह पर हुए उस हमले की जांच कर रहा है, जिसमें तीन महिलाओं और दो बच्चों की जान चली गई। उन्होंने कहा, "हम इस घटना की जांच कर रहे हैं क्योंकि जाहिर तौर पर हम इसे लेकर चिंतित हैं और सच जानना चाहते हैं।"

हमारी सेना गलतियों से सीखती है- जेडी वेंस

वेंस ने आगे कहा, "अगर हमसे कोई गलती होती है, तो यही हमारे और ईरान के बीच सबसे बड़ा अंतर है। हमारी सेना जब भी गलतियां करती है, तो वह उनसे सीखती है और आगे खुद में सुधार करने की कोशिश करती है।"

अमेरिका कर रहा मामले की जांच

रॉयटर्स के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिका शादी में हुई मौतों की कई वजहों की जांच कर रहा है। जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि यह हादसा अमेरिकी हमले से हुआ, ईरानी एयर डिफेंस मिसाइल का मलबा गिरने से हुआ, या फिर किसी मिसाइल के रास्ता भटक जाने की वजह से हुआ।

यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में महायुद्ध का खतरा: ईरान में शादी समारोह पर अमेरिकी हमला, 4 की मौत; तेहरान का पलटवार शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।