विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

68 ड्रमों में जहरीला केमिकल, खाली कराया गया 8 KM इलाका; US सेना ने क्यों नष्ट किया 60 साल पुराना 4.4 टन विस्फोटक?

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:15 PM (IST)

कानूनी लड़ाइयों और देरी के बाद अमेरिकी सरकार ने आयोवा में 4.4 टन लेड एजाइड विस्फोटक को नियंत्रित धमाके से नष्ट कर दिया। 

US सेना ने नष्ट किया 60 साल पुराना 4.4 टन विस्फोटक(फोटो: पीटीआई)

US सेना ने नष्ट किया 60 साल पुराना 4.4 टन विस्फोटक(फोटो: पीटीआई)

HighLights

  1. अमेरिकी सरकार ने आयोवा में 4.4 टन विस्फोटक नष्ट किया।

  2. नियंत्रित धमाका पूरी तरह सफल, हवा सुरक्षित घोषित।

  3. धूल रोकने को रेत दीवार, पानी, फोम का उपयोग।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। कानूनी लड़ाइयों, विरोध प्रदर्शनों और बार-बार हुई देरी के बाद अमेरिकी सरकार ने आयोवा में खराब हो चुके 68 ड्रमों में रखा गया लगभग 4.4 टन लेड एजाइड विस्फोटक को नष्ट करने के लिए नियंत्रित धमाका कर दिया है।

ऑपरेशन के बाद अधिकारियों ने इसे पूरी तरह सफल घोषित किया और आसपास के निवासियों को सुरक्षित अपने घर लौटने की अनुमति ऑल-क्लियर दे दी।

पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के अनुसार, धमाके के कई घंटों बाद भी क्षेत्र की हवा में सीसे यानी लेड के कोई कण दर्ज नहीं किए गए हैं, हालांकि एहतियात के तौर पर अगले कुछ दिनों तक जांच जारी रहेगी। इसके साथ ही, संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने भी प्लांट के आसपास के इलाके को सुरक्षित घोषित कर दिया है।

IOWA-ARMY-DETONATION

क्या है दशकों पुराना लेड एजाइड विस्फोटक?

लेड एजाइड एक प्राथमिक विस्फोटक है, जिसका उपयोग ग्रेनेड जैसे बड़े हथियारों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है।

अमेरिका ने लगभग एक सदी पहले इसका इस्तेमाल शुरू किया था और करीब 15 साल पहले इसे बंद कर दिया था, क्योंकि इसे सुरक्षित रखना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना बेहद कठिन है।

2009 में देश के बचे हुए स्टॉक को आयोवा के इस प्लांट में इकट्ठा किया गया था, जिसमें से कुछ हिस्सा पहले ही 60 साल से अधिक पुराना हो चुका था।

इसे ड्रमों के अंदर लकड़ी के बुरादे और जूट की बोरियों में पानी व इथेनॉल के मिश्रण के साथ रखा गया था ताकि यह जमे नहीं।

11 मार्च को एक नियमित जांच के दौरान बैरल के बाहरी हिस्सों पर काफी क्रिस्टलाइजेशन पाया गया। इस अवस्था में लेड एजाइड रगड़ के प्रति इतना संवेदनशील हो जाता है कि एक बोल्ट खोलने मात्र से भी भयानक विस्फोट की श्रृंखला शुरू हो सकती है। इसलिए ढक्कन खोलकर इसमें और तरल पदार्थ डालना संभव नहीं था।

Iowa blast

सर्दियों का इंतजार करना बड़ा खतरा

सेना, पर्यावरण संरक्षण एजेंसी और अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञों ने इसे रासायनिक रूप से निष्क्रिय करने, जलाने, दूसरी जगह ले जाने और यूं ही रखे रहने जैसे चार विकल्पों पर विचार किया, लेकिन सभी को खारिज कर दिया।

इसे निष्क्रिय करने के लिए ड्रम खोलना पड़ता, जबकि जलाने या हिलाने से विस्फोट हो सकता था। वहीं, इसे ऐसे ही छोड़ देना भी सुरक्षित नहीं था क्योंकि ठंडा मौसम इसे और अधिक अस्थिर बना देता है।

ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स के निदेशक रॉबर्ट सेकाडा ने मंगलवार को कहा कि सवाल यह नहीं है कि विस्फोट होगा या नहीं, बल्कि सवाल यह है कि यह कब होगा। पहले यह विस्फोट पिछले शुक्रवार को होना था, लेकिन इसकी तारीख तीन बार बदली गई।

आयोवा एनवायर्नमेंटल काउंसिल और सिएरा क्लब ने पर्यावरणीय अध्ययन की मांग करते हुए इसे रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा था कि सेना अदालत का फैसला आने तक इंतजार करेगी।

धूल रोकने के लिए पानी, फोम और जेल ब्लॉक का इस्तेमाल

ये ड्रम 80 साल पुराने कंक्रीट के बंकरों में रखे हैं, जिनमें पहले से ही दरारें आ चुकी हैं और विस्फोट के दौरान इनके टूटने की पूरी संभावना थी।

धूल को फैलने से रोकने के लिए सेना ने बंकरों के चारों ओर दो मंजिला ऊंची रेत की दीवारें, 16000 गैलन के चार टैंकों से बनी पानी की दीवार, जेल ब्लॉक और दो फीट मोटी फोम की परत बिछाई गई थी।

आसपास की मिट्टी को गीला रखने के लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा और हवा में सीसे के स्तर पर नजर रखने के लिए ड्रोन तैनात  थे।

इससे पहले 1977 में कोलोराडो में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुले में 7000 पाउंड लेड एजाइड नष्ट किया गया था, तब भी 75 प्रतिशत सीसा उसी स्थान पर रह गया था।

सेना को उम्मीद है कि नए सुरक्षा उपायों से हवा में फैलने वाले बाकी 25 प्रतिशत हिस्से को भी काफी हद तक रोका जा सकेगा। कार्यवाहक सेना सचिव एडम टेले ने कहा कि हमें नहीं लगता कि जनता को घबराने की जरूरत है।

मिसौरी तक पहुंच सकता है धूल का गुबार

मंगलवार को जारी नक्शों के अनुसार, धूल के भारी कण दक्षिण-पूर्वी आयोवा और मिसौरी सीमा के पास 35 से 56 से 64 किमी की एक संकरी पट्टी में गिरने की आशंका है। प्लांट के दक्षिण-पश्चिम में पांच मील के क्षेत्र और एक मील के बफर जोन को खाली कराया गया है।

आयोवा की गवर्नर किम रेनॉल्ड्स ने डेस मोइनेस, ली और वैन ब्यूरेन काउंटियों में आपदा आपातकाल घोषित कर दिया है, जबकि मिसौरी ने अपना राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय कर दिया है। अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार, इससे 350 खेत प्रभावित हो सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।