अमेरिकी सांसदों ने भारतवंशियों को दी होली की बधाई
अमेरिकी सांसद ग्रेस मेंग का मानना है कि परिवार और दोस्तों के लिए होली का समय बहुत मायने रखता है।
वाशिंगटन (पीटीआई)। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों को अमेरिकी सांसदों ने होली के त्योहार की बधाई दी है। उन्होंने इसे बुराई पर अच्छाई की जीत बताया।
भारतीय अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा, 'होली को भारतीय, 'हिंदू और अन्य लोग पूरी दुनिया में मनाते हैं। यह उल्लास एवं रंगों का त्योहार है। प्रत्येक वर्ष हम वसंत ऋतु को मनाने के लिए इकट्ठा होते हैं और होली को बुराई पर अच्छाई की जीत के तौर पर मनाते हैं। सभी को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'
वहीं, सांसद तुलसी गैबार्ड ने कहा, 'होली आध्यात्मिक नवीकरण का समय है जिसे देश-विदेश में हिंदुओं सहित सभी समुदाय के लोग मनाते हैं।' एक अन्य सांसद एमी बेरा ने कहा कि होली का त्योहार अंधकार पर उजाले की विजय है। इस पर्व के माध्यम से हम अपने समुदाय में प्यार और सहिष्णुता को फैलाएं। महिला सांसद ग्रेस मेंग का मानना है कि परिवार और दोस्तों के लिए होली का समय बहुत मायने रखता है। वहीं एक और महिला सांसद लिंडा सांचेज कहती हैं कि यह जीवन और पुनर्जन्म के नवीकरण का उत्सव है।