US Knife Attack : न्यूयॉर्क में यहूदी धर्मस्थल में चाकू से हमला, पांच घायल ; हमलावर पकड़ा गया
अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में शनिवार रात एक व्यक्ति ने यहूदियों के पूजास्थल में पांच लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाशिंगटन, एएफपी। अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में शनिवार रात एक व्यक्ति ने यहूदियों के पूजास्थल में पांच लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों में एक रब्बी (धार्मिक गुरु) का बेटा भी है। पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है।
यहूदियों से जुड़ी संस्था ने बताया कि न्यूयॉर्क के मॉनसे इलाके में स्थित पूजास्थल में इस वारदात के समय लोग हनुका (यहूदी पर्व) उत्सव मना रहे थे। इस इलाके में बड़ी संख्या में यहूदी रहते हैं। न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेलिता जेम्स ने एक ट्विटर पोस्ट में कहा कि इस घटना से वह बहुत व्यथित हैं।
हमलावर को कड़ी सजा दिलाएंगे
न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने एक बयान में कहा कि वह इस घृणित और कायरतापूर्ण कृत्य की राज्य पुलिस से जांच कराने का निर्देश दिया है। हम हमलावर को कड़ी सजा दिलाएंगे।
नौसेना के अड्डे के भीतर खुसकर गोलीबारी
बता दें कि इसी महीने फ्लोरिडा में एक हमलावर ने नौसेना के अड्डे के भीतर खुसकर गोलीबारी की थी। इसमें तीन लोग मारे गए थे और जवाबी कार्रवाई के दौरान हमलावर को मारा गया था। जानकारी के अनुसार इस दौरान समेत 11 लोगों को गोली लगी थी, जिसमें दो अधिकारी भी शामिल थे। इनमें से एक अधिकारी ने हमलावर को मार गिराया था।
हाल के वर्षो में यहूदियों पर हमले की घटनाओं में बढ़ोतरी
अमेरिका में हाल के वर्षो में यहूदियों पर हमले की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इस महीने की शुरुआत में न्यूयॉर्क के उपनगर कोषेर में यहूदियों पर गोलीबारी की घटना सामने आई थी। जर्सी सिटी में एक अन्य हमले में छह लोग मारे गए थे। मृतकों में हमला करने वाले दो संदिग्ध भी थे। एंटी-डिफेमेशन लीग (ADL) की अप्रैल में आई एक रिपोर्ट में कहा गया कि 2018 में यहूदी विरोधी हमलों की संख्या 2017 के रिकॉर्ड के करीब था। इस दौरान 1,879 घटनाएं हुईं।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग पर उनकी ही रिपब्लिकन पार्टी में उठने लगे विद्रोह के स्वर
यह भी पढ़ें: नए साल में मंगल ग्रह पर जीवन के सबूतों को तलाशेगा नासा का यह रोवर, इन खूबियों से है लैस