युद्धग्रस्त सीरिया में रूस और अमेरिका आमने-सामने, दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा
बख्तबंद वाहनों के साथ अमेरिका ने रडार सिस्टम भी भेजा है। इसके साथ अमेरिकी और गठबंधन सेना की बेहतर सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र में फाइटर जेट गश्त को बढ़ा दिया गया है।
वाशिंगटन, एजेंसी। पूर्वी सीरया में रूसी बलों के साथ संघर्ष में चार अमेरिकी सेवा सदस्यों के घायल होने के बाद मास्को और वाशिंगटन के बीच तनाव बढ़ गया है। अमेरिका ने पूर्वी सीरिया में रूसी बलों का मुकाबला करने के लिए अतिरिक्त सैनिकों और बख्तरबंद वाहनों को तैनात किया है। अमेरिकी मध्य कमान के प्रवक्ता नेवी कैप्टन बिल अर्बन ने बताया कि बख्तबंद वाहनों के साथ अमेरिका ने रडार सिस्टम भी भेजा है। इसके साथ अमेरिकी और गठबंधन सेना की बेहतर सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र में फाइटर जेट गश्त को बढ़ा दिया गया है।
अमेरिकी सेना का सुदृढीकरण रूस के लिए स्पष्ट संकेत
अमेरिकी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका सीरिया में किसी अन्य राष्ट्र के साथ संघर्ष करने का इच्छुक नहीं है, लेकिन वह गठबंधन बलों का बचाव करेगा। उन्होंने कहा करीब 100 अतिरिक्त सैनिकों को पूर्वी सीरिया भेजा गया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छपने की शर्त पर बताया कि सीरिया में अमेरिकी सेना का सुदृढीकरण रूस के लिए स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि रूस के लिए यह भी संदेश है कि वह अमेरिकी सहयोगियों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई से बाज आए।
बख्तरबंद अमेरिकी सैन्य वाहन पर रूसी हमला
पूर्वी सीरिया में गश्त करने वाले अमेरिकी और रूसी सेनाओं के बीच इस साल कई घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले महीने दोनों सेनाओं के बीच सबसे गंभीर संघर्ष तब हुआ, जब रूसी वाहनों ने एक हल्के बख्तरबंद अमेरिकी सैन्य वाहन पर हमला किया। इस हमले में चार अमेरिकी घायल हो गए। अमेरिकी अधिकारियों ने उस समय कहा था कि दो रूसी हेलीकॉप्टरों ने भी अमेरिकियों के ऊपर उड़ान भरी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह रूसी विमान अमेरिककी वाहन से करीब 70 फीट पर था। मंत्रालय ने कहा कि रूस ने रूसी सैन्य पुलिस के काफिले के मार्ग के बारे में अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन को सूचित किया था और कहा कि अमेरिका ने रूसी गश्त को अवरुद्ध करने की कोशिश की।