काले धुंए का गुबार और आग की लपटें... अमेरिका का F-16 फाइटर जेट मिशिगन में क्रैश
गुरुवार को मिशिगन में एक F-16 फाइटर जेट रूटीन ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया, जिसमें पायलट सुरक्षित बच गया।
HighLights
मिशिगन में F-16 फाइटर जेट रूटीन ट्रेनिंग के दौरान क्रैश
हादसे में पायलट सुरक्षित बचा, कोई गंभीर चोट नहीं
आसपास के लोगों ने काले धुएं और धमाकों की सूचना दी
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। गुरुवार को का एक F-16 फाइटर जेट मिशिगन में रूटीन ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया। गनीमत रही कि हादसे में पायलट की जान बच गई।यह विमान डेट्रॉइट से लगभग 190 मील (305 किमी) उत्तर में अल्पेना स्थित नेशनल गार्ड बेस पर अभ्यास में हिस्सा ले रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
149वें फाइटर विंग के पब्लिक अफेयर्स स्पेशलिस्ट सार्जेंट डेरेक गुटिरेज ने बताया कि पायलट का इलाज चल रहा है, लेकिन उन्होंने सैन्य नीति का हवाला देते हुए पायलट का नाम या चोटों के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। क्रैश के बाद हवा में काले धुएं का गुबार उठने लगा और आसपास रहने वाले लोगों ने धमाकों की सूचना दी।
मिशिगन में हो रहे अभ्यास में हिस्सा ले रहा था विमान
गुटिएरेज ने बताया कि यह फाइटर जेट टेक्सास के जॉइंट बेस सैन एंटोनियो-लैकलैंड के उन F-16 विमानों में से एक था जो मिशिगन में हो रहे अभ्यास में हिस्सा ले रहा था। उसी इलाके में अपने पति के साथ रहने वाली वेंडी सोबेक ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि उनके घर के पास कोई गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
उन्होंने कहा, 'हमें लगा कि हमारे घर के बाहर कोई कार दुर्घटना हुई है। हमने काले धुएं के बड़े गुबार उठते देखे। हमें समझ नहीं आया कि क्या हुआ है, इसलिए मेरे पति अपनी पिकअप ट्रक में बैठकर यह देखने गए कि क्या हुआ है।'
खेत में दिखा धुंए का गुबार
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, 'खेत में प्लेन का मलबा दिख रहा था। धमाके हो रहे थे।' उनके 65 साल के पति फ्रेड सोबेक ने बताया कि क्रैश वाली जगह की तरफ जाने पर उन्हें आग की लपटें दिखाई दीं।
उन्होंने बताया, 'पुलिस ने मुझे धमाकों की वजह से वहां से हटने को कहा।' उन्हें याद है कि एक घर और कैंपर के पास 'खेत में आग का एक बड़ा गोला' देखा था। उन्होंने कहा कि इनमें से किसी भी चीज को नुकसान नहीं पहुंचा।
F-16 फाइटर जेट कितना सेफ?
अमेरिकी सेना ने 1979 में F-16 का इस्तेमाल शुरू किया था। एयर फोर्स सेफ्टी सेंटर के रिकॉर्ड के अनुसार, 2000 के बाद से इस विमान से जुड़े कम से कम 14 'क्लास A' हादसे हुए हैं।
यह कैटेगरी आम तौर पर तब लागू होती है जब किसी घटना में 2 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो, विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए या किसी सैनिक की मौत हो जाए।
दिसंबर में कैलिफोर्निया के रेगिस्तान में US एयर फोर्स थंडरबर्ड्स के साथ उड़ान भरते समय एक और F-16C फाइटिंग फाल्कन क्रैश हो गया था। उस घटना में भी पायलट सुरक्षित बाहर निकल आया था।
यह भी पढ़ें- पुराने विमान और पैसे की कमी... बर्बादी की कगार पर कंगाल पाकिस्तान की वायुसेना
