US Election Result 2020: बाइडन और कमला हैरिस के लिए इन भारतवंशियों ने निभाई अहम भूमिका, प्रशासन में मिलेंगे पद
चुनावों के दौरान सबरीना सिंह ने कहा कि जो बाइडन और कमला हैरिस प्रशासन भारत के मित्र और सहयोगी होंगे। वह जानती हैं कि भारत अमेरिका का सहयोगी है और इन रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
वाशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका में एक लंबी प्रक्रिया के बाद राष्ट्रपति का चुनाव खत्म हो गया है। जो बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति निवार्चित हुए हैं और साथ ही इतिहास में पहली बार एक महिला उपराष्ट्रपति कमला हैरिस निर्वाचित हुई हैं। ऐसे में अब चर्चा का विषय जो बाइडन का प्रशासन और टीम के बारे में है। ऐसा माना जा रहा है कि इस टीम में कई भारतवंशियों (एनआरआए) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
जानें वो भारतवंशी, जिनके बाइडन के टीम में शामिल होने की चर्चा है
डॉ. विवेक मूर्ति: बाइडन कैंप की तरफ से बताया गया है कि उनकी पहली प्राथमिकता कोरोना महामारी पर रोकथाम करना होगा। बाइडन इसके लिए टास्क फोर्स का गठन करेंगे। माना जा रहा है कि इस टीम की जिम्मेदारी डॉ. विवेक मूर्ति को दी जा सकती है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के पिछले कार्यकाल के दौरान विवेक मूर्ति अमेरिका के सर्जन जनरल थे।
अमित जानी: बाइडन की टीम में अमित जानी राजनीति प्रचारक हैं। अमित की प्रतिभा दक्षिण एशिया समुदाय के लोगों को अपने पक्ष में करने में के लिए जानी जाती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि अमित जानी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी समर्थक हैं।
सबरीना सिंह: चुनावों से पहले कमला हैरिस ने भारतीय अमेरिकी सबरीना सिंह को प्रेस सचिव के रूप में चुना था। उनके बारे में ध्यान देने वाली बात यह है कि उनका परिवार अमेरिका में गहरी पैठ रखता है। चुनावों के दौरान उन्होंने कहा कि जो बाइडन और कमला हैरिस प्रशासन भारत का मित्र और सहयोगी होंगे। वह जानती हैं कि भारत अमेरिका का सहयोगी है और इन रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
राज चेट्टी: ऐसा माना जा रहा है कि बाइडन के प्रशासन में राज चेट्टी को भी बड़ी भूमिका मिल सकती है। आर्थिक मुद्दों पर बाइडन को सलाह देने वाली टीम के सदस्य राज चेट्टी हैं।
संजीव जोशीपुरा: संजीव का मुख्य काम राष्ट्रपति चुनाव के दौरान जो बाइडन और कमला हैरिस के लिए भारतीयों का समर्थन जुटाना था। अमेरिका में गठित गई 'साउथ एशियंस फॉर बाइडन' संगठन के अध्यक्ष संजीव जोशीपुरा हैं। इस संस्था के गठन का मुख्य उद्देश्य जो बाइडन और कमला हैरिस को सभी धर्मों एवं पृष्ठभूमियों के भारतीयों का समर्थन दिलाना है।
विनय रेड्डी: जो बाइडन के लिए विनय रेड्डी भाषण तैयार करते हैं, इसलिए विनय जो बाइडेन के काफी करीब हैं। इन्हें भी बाइडन की प्रशासनिक टीम में शामिल किया जा सकता है।
इनके अलावा गौतम राघवन, सोनल शाह, वनीता गुप्ता भी इसी लिस्ट में हैं, जिन्होंने जो बाइडन ओर कमला हैरिस की जीत में अहम भूमिका निभाई है।