विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान युद्ध खत्म करने की तैयारी में डेमोक्रेट, लेकिन नहीं मान रहे ट्रंप; तेहरान को तबाह करने का बनाया प्लान

Published: Fri, 06 Nov 2026 11:51 PM (IST)

डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में हार के बाद ईरान को आगे की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसी ...और पढ़ें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप।

HighLights

  1. ट्रंप ने ईरान को आगे की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी।

  2. डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने के लिए संसद में मतदान कराएंगे।

  3. ट्रंप ने ओवल ऑफिस में 'वीटो' टोपी प्रदर्शित की।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में शिकस्त के बाद ईरान को आगे की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसी बीच, प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्यों ने युद्ध खत्म करने के लिए मतदान कराने और युद्ध के उद्देश्यों व उसकी लागत पर जवाब मांगने की योजना बताई।

ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, 'अगर संभव हुआ तो मैं देश के बाकी हिस्से को तबाह नहीं करना चाहूंगा, लेकिन शायद मुझे ऐसा करना पड़े। आपको जल्द ही पता चल जाएगा।' उन्होंने आगे की कार्रवाई के लिए न तो कोई समयसीमा बताई, न ही लक्ष्य तय किए। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि नए हमलों का आदेश दिया गया है।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब डेमोक्रेट अगले संसद सत्र के लिए अपनी विदेश नीति की कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति में वरिष्ठ डेमोक्रेट्स सदस्य मीक्स ग्रेगरी मीक्स ने युद्ध खत्म करने के लिए प्रस्ताव लाने का वादा किया, जबकि डेमोक्रेटिक व्हिप कैथरीन क्लार्क ने युद्ध के उद्देश्यों और उससे बाहर निकलने की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने यह बयान ट्रंप की ताजा टिप्पणी से पहले दिया था।

ओवल आफिस के एक कार्यक्रम में ट्रंप ने सैन्य अभियान का बचाव किया और कहा कि आगे की कार्रवाई करनी है या नहीं, इस पर फैसला किया जाएगा। उन्होंने अपना यह रुख भी दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करना चाहिए। ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े प्रस्तावों की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'वे हमारी मंजूरी के बिना कुछ नहीं कर रहे हैं।'

ओवल आफिस की मेज पर रखी लाल ‘वीटो’ टोपी

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बीच ओवल आफिस को डेमोक्रेट्स के लिए राजनीतिक संदेश देने वाला नया रूप दिया। उन्होंने ऐतिहासिक रेजोल्यूट डेस्क पर ‘वीटो’ लिखी एक बड़ी लाल टोपी रखी। इस टोपी को इस समय प्रमुखता से दिखाया गया, जब वह ट्रंप ओवल आफिस और कैबिनेट रूम को प्राचीन वस्तु अधिनियम के तहत राष्ट्रीय स्मारकों के रूप में संरक्षित रखने संबंधी उद्घोषणा पर हस्ताक्षर करते हुए पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उच्चस्तरीय प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति की बैठक रद

ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस की उस उच्चस्तरीय प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति की बैठक रद कर दी, जिसमें एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग शामिल हैं। दरअसल, गुरुवार को प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली हुई। इसकी वजह यह चिंता थी कि डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाली नई संसद कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के विकास की गति धीमी कर सकती है।

साथ ही, यह आशंका भी थी कि एआइ के विस्तार पर किया जा रहा भारी पूंजीगत खर्च पर्याप्त लाभ नहीं देगा। बैठक के बारे में शुरुआती घोषणा में बताया गया था कि यह समिति ट्रंप की नई एआइ टास्क फोर्स को सलाह देगी, जिसे "सुपर इंटेलिजेंस टास्क फोर्स" नाम दिया गया है। इसमें कैबिनेट अधिकारी, ट्रंप द्वारा नियुक्त लोग और व्हाइट हाउस के कर्मचारी शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।