अमेरिका में आव्रजन नीति के दौरान बरती गई ज्यादा सख्ती, मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप ने मानी यह बात
डोनल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अपनी आव्रजन नीति को बहुत ज्यादा सख्त माना। ...और पढ़ें
-1794229343372_m.webp)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप।
HighLights
ट्रंप ने आव्रजन नीति को 'बहुत ज्यादा सख्त' बताया।
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार मिली।
ईरान युद्ध, पेट्रोल कीमतें भी हार के कारण।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में करारी हार के बाद यह माना है कि उनकी आव्रजन नीति में ज्यादा सख्ती बरती गई है। इसके कारण उनकी रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में नुकसान पहुंचा।
बता दें कि तीन नवंबर को हुए चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार हुई थी और उसने संसद के दोनों सदनों में अपना बहुमत गंवा दिया। डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद में बहुमत हासिल करने के साथ ही कई राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की। इस पार्टी ने उन कई सीटों पर भी जीत दर्ज की, जिन पर पहले रिपब्लिकन का कब्जा था।
चुनाव नतीजों से यह जाहिर हुआ कि आव्रजन के मुद्दे, अर्थव्यवस्था, ईरान युद्ध और बढ़ती महंगाई से निपटने के ट्रंप के तरीके से मतदाता संतुष्ट नहीं हैं। ट्रंप ने सीबीएस के कार्यक्रम '60 मिनट्स' में निर्वासन नीति के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, 'मुझे लगता है कि यह बहुत ज्यादा सख्त थी।' यह इंटरव्यू शुक्रवार को रिकार्ड किया गया और रविवार शाम प्रसारित किया गया।
चुनाव में रिपब्लिकन की हार के कारणों के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने उन वजहों का जिक्र किया, जिन्हें आमतौर पर इस हार के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। उन्होंने हार के लिए ईरान युद्ध और पेट्रोल की कीमतों को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही इजरायल के प्रति लोगों की नाराजगी को भी एक कारण बताया।
ट्रंप ने कहा, 'लोगों को युद्ध रास नहीं आया। उन्हें यह बात पसंद नहीं आई कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ गईं, जबकि मैंने इन्हें निचले स्तर पर ला दिया था। इजरायल को लेकर लोगों में भारी नाराजगी भी है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि आव्रजन पर उनकी सख्त कार्रवाई का चुनाव में उन्हें फायदा भी हुआ और नुकसान भी।
रुख में नरमी के संकेत नहीं
इंटरव्यू के कुछ समय बाद ही ट्रंप ने आव्रजन के खिलाफ अपने सख्त रुख के लिए जाने जाने वाले स्टीफन मिलर को अपना चीफ आफ स्टाफ नियुक्त किया। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या राष्ट्रपति अपनी नीतियों में कोई नरमी बरतेंगे या नहीं। ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित लोगों में आइटी सेक्टर से जुड़े भारतीय कामगार भी शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।