विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ट्रंप के नेतृत्व में क्वाड सुस्त नहीं, और मजबूत हुआ है'; QUAD को कमजोर बताने वाली रिपोर्ट को अमेरिका ने किया खारिज

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:09 AM (IST)Updated: Mon, 16 Nov 2026 11:14 AM (IST)

फिलीपींस में क्वाड शिखर सम्मेलन से पहले, अमेरिका ने समूह के कमजोर पड़ने की मीडिया रिपोर्टों को 'फेक न्यूज' करार दिया है।

अमेरिका ने ट्रंप प्रशासन में क्वाड के कमजोर पड़ने की रिपोर्ट खारिज की।

अमेरिका ने ट्रंप प्रशासन में क्वाड के कमजोर पड़ने की रिपोर्ट खारिज की।

HighLights

  1. अमेरिका ने क्वाड के कमजोर पड़ने की रिपोर्ट खारिज की।

  2. क्वाड नेता दो साल बाद मनीला में शिखर सम्मेलन करेंगे।

  3. बैठक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर केंद्रित होगी।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। फिलीपींस की राजधानी मनीला में होने वाले क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन से ठीक पहले अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें इस समूह के कमजोर पड़ने का दावा किया गया था।

अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने उस खबर को पूरी तरह से फेक न्यूज करार दिया, जिसमें कहा गया था कि ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका का यह रणनीतिक समूह डोनल्ड ट्रंप प्रशासन के दौरान कमजोर हो रहा है।

बैठक में कई मुद्दों पर होगी चर्चा

दो साल के लंबे अंतराल के बाद क्वाड देशों के नेता मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मिलेंगे। इस बैठक का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, जलवायु, स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा तथा बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है।

पोलिटिको की रिपोर्ट पर अमेरिका का पलटवार

अमेरिकी सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने समाचार पोर्टल 'पोलिटिको' (Politico) की एक रिपोर्ट को पूरी तरह बेतुका बताया। इस रिपोर्ट में वाशिंगटन स्थित एक अज्ञात एशियाई राजनयिक के हवाले से दावा किया गया था कि क्वाड अब 'लाइफ सपोर्ट' पर है।

जॉनसन ने इस रिपोर्ट पर पलटवार करते हुए कहा, 'पिछले दो सालों में विदेश मंत्री रुबियो ने क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ औपचारिक रूप से पांच बार मुलाकात की है, जिनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनेों में हुई हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'पदभार संभालने के बाद विदेश मंत्री की पहली आधिकारिक बातचीत भी क्वाड देशों के साथ ही हुई थी। हमारी हर महीने नियमित रूप से क्वाड शेरपाओं के बीच बातचीत और बैठकें होती हैं। इसके अलावा, हम अगले सप्ताह आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान 'क्वाड' नेताओं के शिखर सम्मेलन को औपचारिक रूप देने के लिए काम कर रहे हैं। यह पूरी तरह से 'फेक न्यूज' है।'

दक्षिण चीन सागर में तनाव के बीच चीन को संदेश

मनीला में होने वाला यह शिखर सम्मेलन मुक्त और खुले हिंद प्रशांत क्षेत्र के प्रति चारों देशों की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराएगा।

यह साझेदारी कानून के शासन, संयुक्त राष्ट्र चार्टर, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सिद्धांतों पर आधारित है।

बैठक के माध्यम से पूर्वी और दक्षिण चीन सागर में बल प्रयोग या दबाव के जरिए यथास्थिति बदलने की किसी भी एक तरफा कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा।

गौरतलब है कि यह बैठक आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान ऐसे समय में हो रही है, जब दक्षिण चीन सागर में अपने दावों को लेकर चीन और मेजबान फिलीपींस के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है।

दो साल बात शीर्ष नेताओं की मुलाकात

साल 2021 में क्वाड को शिखर-स्तरीय मंच के रूप में अपग्रेड किया गया था। हालांकि पिछले दो सालों से भारत इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने में असमर्थ रहा है।

पोलिटिको' के रिपोर्ट में भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया की उन कथित चिंताओं का जिक्र किया गया था कि कहीं क्वाड, भारत-अमेरिका व्यापार विवाद और राष्ट्रपति ट्रंप के चीन के साथ बढ़ते जुड़ाव की भेंट न चढ़ गया हो।

ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद से क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठकें तो नियमित रूप से हुईं, लेकिन शीर्ष नेताओं का शिखर सम्मेलन अधर में लटका हुआ प्रतीत हो रहा था, क्योंकि ट्रंप क्वाड बैठक के लिए भारत आने को लेकर अनिच्छुक थे।

अब आखिरकार दो साल बाद क्वाड नेताओं की यह बैठक होने जा रही है भले ही यह किसी क्वाड सदस्य देश की मेजबानी में न होकर आसियान जैसे बहुपक्षीय मंच के इतर आयोजित की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 'यहां आपका स्वागत नहीं है', फिलीपींस में ट्रंप के दौरे से पहले सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, पुलिस से हुई झड़प

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।