अमेरिका में अजीबोगरीब बीमारी से हड़कंप, बाथरूम में दिन-रात बिता रहे लोग
अमेरिका में आंतों से संबंधित बीमारी साइक्लोस्पोरियासिस तेजी से फैल रही है, जिसने 41 राज्यों में हजारों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है

अबतक इस बीमारी ने 41 राज्यों में हजारों लोगों को चपेट में ले लिया है (फोटो: रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, वाशिंगटन। अमेरिका में आंतों से संबंधित बीमारी साइक्लोस्पोरियासिस तेजी से फैल रही है। अबतक इसने 41 राज्यों में हजारों लोगों को चपेट में ले लिया है। यह अमेरिका के इतिहास में इस बीमारी का अब तक का सबसे बड़ा प्रकोप है।
इसके कारण लोगों को 15 से 20 बार तक बाथरूम जाना पड़ रहा है। यह बीमारी साइक्लोस्पोरा पैरासाइट के शरीर में जाने से होती है और इसके लक्षणों में तेज दस्त शामिल है।
7,000 से अधिक मामले
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूरे देश में मिशिगन में सबसे अधिक 7,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। इससे पीड़ित निक पाल्मिटर ने कहा कि जब जुलाई की शुरुआत में उन्हें समस्या शुरू हुई तो उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। उन्हें लगा कि यह सामान्य दस्त है और ठीक हो जाएगा। लेकिन लक्षण बने रहे। जैसे-जैसे दिन हफ्तों में बदलते गए, पेट में ऐंठन असहनीय होती गई।
उन्होंने कहा, "मुझे बहुत दर्द हो रहा था। हालत इतनी खराब थी कि मैं दिन में 15 से 20 बार बाथरूम जा रहा था।" एक सहकर्मी की सलाह पर वह आपातकालीन चिकित्सा केंद्र गए और वहां पहुंचते ही उन्हें तुरंत आपातकालीन कक्ष में ले जाया गया।
आइसबर्ग लेट्यूस से बीमारी की आशंका
एक अन्य शख्स ने कहा कि लोगों में जो घबराहट है, उसकी वजह यह भी है कि सरकार इस बीमारी के फैलने पर ठीक से प्रतिक्रिया नहीं दे पाई है। वे इस बारे में जो भी जानकारी दे रहे हैं, हमें उस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है।
फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, संक्रमण का पता सबसे पहले 13 मई को चला था। तब से मामलों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इसे लेकर रहस्य भी गहराता जा रहा है। अमेरिका भर के रेस्टोरेंट और बड़े रिटेलर्स, जिनमें वॉलमार्ट, जैक इन द बॉक्स और टैको बेल शामिल हैं, ने घोषणा की है कि वे स्टोर से खाने-पीने का सामान हटा रहे हैं।
उनका कहना है कि यह कदम बहुत ज्यादा सावधानी बरतने के लिए उठाया गया है। मुख्य रूप से आइसबर्ग लेट्यूस (एक तरह की सलाद पत्ता) के कारण बीमारी होने का शक है, लेकिन महीनों बाद भी साइक्लोस्पोरा के असली स्रोत का पता नहीं चल पाया है।
