भारतवंशी बुजुर्ग महिला के निर्वासन के बाद अमेरिकी संसद में लाया गया बिल, अब प्रवासियों को मिलेगी राहत
अमेरिका में करीब तीन दशक रहने के बाद एक बुजुर्ग सिख महिला हरजीत कौर को भारत निर्वासित किए जाने के बाद अमेरिकी संसद में एक विधेयक पेश किया गया है।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
बुजुर्ग सिख महिला हरजीत कौर को अमेरिका से निर्वासित किया गया।
निर्वासन के बाद अमेरिकी संसद में नया विधेयक पेश हुआ।
विधेयक प्रवासियों को निष्कासन से राहत दिलाने का लक्ष्य रखता है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में करीब तीन दशक रहने के बाद एक बुजुर्ग सिख महिला को भारत निर्वासित कर दिए जाने की घटना के मद्देनजर अमेरिकी संसद में एक विधेयक पेश किया गया है। कैलिफोर्निया के चार सांसदों ने देश में लंबे समय से रह रहे प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर यह विधेयक पेश किया है।
जॉन गैरामेंडी की ओर से 'प्रोटेक्ट अवर नेबर्स एक्ट' नामक विधेयक पेश किया गया है। यह सैन फ्रांसिस्को बे एरिया की निवासी हरजीत कौर को पिछले साल आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) एजेंसी द्वारा निर्वासित किए जाने की घटना से प्रेरित है।
इस विधेयक का सांसदों लतीफ साइमन, जोई लोफग्रेन और जुआन वर्गास ने समर्थन किया है। साइमन ने कहा, 'प्रोटेक्ट अवर नेबर्स एक्ट के तहत कौर जैसे लोगों को, जिन्होंने मेरे निर्वाचन क्षेत्र में दशकों तक काम किया है, देश से निष्कासन के अंतिम आदेश से राहत पाने और अमेरिका में अपना भविष्य संवारने का उचित अवसर मिलेगा।
जबकि गैरामेंडी ने कहा कि करीब एक साल पहले आइसीई ने 73 वर्षीय हरजीत कौर को हिरासत में लेकर निर्वासित कर दिया था। उनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं था और वह 13 साल से अधिक समय तक नियमित रूप से हर छह महीने में आइसीई के समक्ष पेश होती रही थीं। उन्होंने कौर को हिरासत में लिए जाने और निर्वासन की कार्रवाई को क्रूर और अनुचित करार दिया है।
गैरामेंडी ने कहा कि यह घटना उन हजारों मामलों में से एक है, जिनमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के तहत आईसीई की कार्रवाई के कारण लोगों और उनके परिवारों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
11.9 लाख लोगों के निष्कासन का आदेश
अमेरिकी इमिग्रेशन काउंसिल के अनुसार, अमेरिका में लगभग 11.9 लाख ऐसे लोग रह रहे हैं, जिनके खिलाफ देश से निष्कासन के आदेश जारी हो चुके हैं। इनमें से कई लोग वर्षों से अमेरिका में रहकर काम कर रहे हैं, अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।