सुरक्षा परिषद में फिर पिटा पाकिस्तान, भारतीय नागरिकों पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास नाकाम
पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 अलकायदा प्रतिबंध समिति के तहत चार भारतीयों को प्रतिबंधित किए जाने का प्रस्ताव किया।
न्यूयार्क, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान को एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी। चार भारतीय नागरिकों को 1267 अलकायदा प्रतिबंध समिति के तहत प्रतिबंधित कराने का उसका प्रयास कामयाब नहीं हुआ। भारत ने पाकिस्तान की इस कोशिश को निर्लज्ज प्रयास बताते हुए संयुक्त राष्ट्र की आतंकवाद से संबंधी प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने का कदम बताया है।
पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 अलकायदा प्रतिबंध समिति के तहत अंगारा अप्पाजी, गोविंद पटनायक, अजोय मिस्त्री और वेणुमाधव डोंगरा को प्रतिबंधित किए जाने का प्रस्ताव किया। पाकिस्तान की इस कोशिश को परिषद के अन्य सदस्य देशों अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी और बेल्जियम ने विरोध कर नाकाम कर दिया। सूत्रों के अनुसार मिस्त्री और डोंगरा पर प्रतिबंध लगवाने की पाकिस्तान की कोशिश जून-जुलाई में ही नाकाम की जा चुकी है। शेष अन्य दो लोगों पर प्रतिबंध लगवाने का प्रयास बुधवार को विफल कर दिया गया। पाकिस्तान इन चारो भारतीयों के खिलाफ कोई साक्ष्य भी नहीं दे सका।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस त्रिमूर्ति ने बुधवार को एक ट्वीट में बताया कि सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान ने आतंकवाद पर सुरक्षा परिषद की 1267 की विशेष प्रक्रिया को धार्मिक रंग देने का निर्लज्ज प्रयास किया। उसके प्रयास को विफल कर दिया गया। हम उन सदस्यों को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने पाकिस्तान को अपनी मंशा में कामयाब नहीं होने दिया।
पिछले महीने भी भारत ने पाकिस्तान द्वारा भारतीय नागरिकों को प्रतिबंधित कराने की कोशिशों की पोल खोल दी थी। पाकिस्तान को जवाब देते हुए भारत ने कहा कि प्रतिबंधित लोगों की सूची सार्वजनिक है। पूरी दुनिया देख सकती है कि इन चारों का नाम इसमें नहीं है। 1267 समिति किसी के आरोपों के आधार पर नहीं, सुबूतों के आधार पर काम करती है।