Move to Jagran APP

UN ने दीपावली पर जारी किया विशेष डाक टिकट, पोंपियो ने कहा-प्रकाश की जीत का पर्व

संयुक्त राष्ट्र के डाक विभाग ने दीपावली के मौके पर विशेष डाक टिकट जारी किया है। भारत ने इसके लिए संयुक्त राष्ट्र का आभार जताया है।

By Arti YadavEdited By: Published: Thu, 08 Nov 2018 08:43 AM (IST)Updated: Thu, 08 Nov 2018 08:43 AM (IST)
UN ने दीपावली पर जारी किया विशेष डाक टिकट, पोंपियो ने कहा-प्रकाश की जीत का पर्व
UN ने दीपावली पर जारी किया विशेष डाक टिकट, पोंपियो ने कहा-प्रकाश की जीत का पर्व

संयुक्त राष्ट्र, एजेंसी। विश्व में शांति व संतुलन कायम रखने में जुटे वैश्विक संगठन संयुक्त राष्ट्र के डाक विभाग ने दीपावली के मौके पर विशेष डाक टिकट जारी किया है। भारत ने इसके लिए संयुक्त राष्ट्र का आभार जताया है। उधर अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने दीपावली के मौके पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुनियाभर में करीब एक अरब लोग दीये जलाकर इस बात को याद करेंगे कि बुराई पर अच्छाई, अज्ञान पर ज्ञान और कटुता पर दया की जीत होती है।

loksabha election banner

भारत ने माना यूएन का आभार
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरद्दीन ने ट्वीट किया 'अच्छाई व बुराई के बीच संघर्ष रोज होता है। बुराई पर अच्छाई की जीत की हमारी संयुक्त आकांक्षा जाहिर करने के लिए यूएन के डाक विभाग को दीपावली के मौके पर डाक टिकट का पहला सेट जारी करने के लिए धन्यवाद।'

टिकट पर दीये का प्रतीक
यूएन डाक विभाग ने यह टिकट 18 अक्टूबर को जारी किया था। 10 डाक टिकट की इस शीट का मूल्य 1.15 डॉलर (83.32 रुपये) है। इस पर प्रकाश के प्रतीक दीये का चित्र अंकित है। इसकी पृष्ठभूमि में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की जगमगाई बिल्डिंग का चित्र है, जिस पर 'हैप्पी दीपावली' लिखा है। अक्टूबर 2016 में अमेरिकी डाक विभाग ने दीपावली के अवसर पर डाक टिकट जारी किया था।

प्रकाश की जीत का पर्व : पोंपियो
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने दीपावली के मौके पर कहा, 'यह अंधकार पर प्रकाश की जीत का उत्सव है। यह प्रार्थना का भी समय है, जब लोग बिना किसी इनाम या भुगतान के निस्वार्थ सेवा करते हैं। दुनियाभर में करीब एक अरब लोग दीये जलाकर इस बात को याद करेंगे कि बुराई पर अंतत: अच्छाई, अज्ञानता पर ज्ञान और कटुता पर दया की जीत होती है। मैं अमेरिका में दीपावली मना रहे हमारे मित्रों की उपलब्धियों को भी सराहना चाहता हूं, उन्होंने हर दिन हमारे देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

लंदन में दीपावली पर काली पूजा
लंदन के उपनगर क्रॉयडन में बुधवार को दीपावली के अवसर पहली बार अनूठी काली पूजा आयोजित की गई। इसका आयोजन क्रायडन बंगाली कनेक्शन (सीबीसी) ने किया। इसमें सैकड़ो भारतीयों ने शिरकत की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.