Russia Ukraine War: रूस के नौ लड़ाकू विमान नष्ट करने का दावा, यूक्रेन ने हासिल की दूर तक मार करने वाली क्षमता
यूक्रेन ने रूस के नौ लड़ाकू विमान नष्ट करने का दावा किया है। सेटेलाइट तस्वीरों से भी रूसी हवाई अड्डे पर तबाही की पुष्टि हो रही है। माना जा रहा है कि यूक्रेन ने लंबी दूरी तक मारक क्षमता हासिल कर ली है।
कीव, एजेंसी। यूक्रेन ने क्रीमिया द्वीप स्थित रूसी वायुसेना के अड्डे में मंगलवार को हुए धमाके में नौ लड़ाकू विमान नष्ट होने का दावा किया है। उसने कहा है कि यह यूक्रेनी हमले में नष्ट हुआ लगता है। वहीं, गुरुवार को जारी सेटेलाइट तस्वीरों से भी रूसी हवाई अड्डे पर तबाही की पुष्टि हो रही है। समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक विश्लेषकों का मानना है कि लगता है यूक्रेन ने लंबे दूरी तक मार करने वाली क्षमता हासिल कर ली है।
रूस ने किया इनकार
इस बीच, रूस अपने किसी भी लड़ाकू विमान के नष्ट होने से इन्कार कर चुका है। उसने इसे एक एक्सीडेंट बताया है। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार मायखाइलो पोडोल्यक ने कहा कि हम आधिकारिक रूप से न तो इसकी पुष्टि कर रहे और न ही इन्कार कर रहे हैं।
जवाबी कार्रवाई की तैयारी
अमेरिकी अधिकारी भी इस कार्रवाई पर प्रसन्नता जता रहे हैं। समुद्र के मध्य स्थित यूक्रेनी द्वीप क्रीमिया पर 2014 में कब्जा करने वाला रूस इसका उपयोग दक्षिणी यूक्रेन पर कब्जे के लिए कर रहा है, जबकि यूक्रेन आने वाले सप्ताह में जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
यूक्रेन ने कहा नागरिकों पर हमले कर रहा रूस
यूक्रेन ने कहा है कि रूस पूर्वी यूक्रेन क्षेत्र के लुहांस्क और डोनेत्स्क पर पूर्ण नियंत्रण के लिए नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है। बीती रात उसने निकोपोल पर 120 राकेट दागे। निप्रापेट्राव्स्क के गवर्नर ने कहा है रूसी हमले में तीन लोग मारे गए हैं और सात घायल हुए हैं।
जपोरीजिया परमाणु संयंत्र के रोकी जाएं सैन्य गतिविधियां
वहीं, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने गुरुवार को कहा है कि यूक्रेन के जपोरीजिया परमाणु संयंत्र के पास सैन्य गतिविधियां तुरंत रोकी जाएं। यूरोपीय संघ ने रूस के कोयला आयात पर लगाया बैन: यूरोपीय संघ ने गुरुवार को रूस से कोयला आयात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, ब्रिटिश खुफिया एजेंसी ने कहा कि पश्चिमी प्रतिबंध धीरे-धीरे और बढ़ाया जाएगा।