कैलिफोर्निया में चर्च के बाहर चाकूबाजी, दो की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल, संदिग्ध गिरफ्तार
अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। ग्रेस बैप्टिस्ट चर्च के सामने कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया है। इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक को गिरफ्तार भी किया गया है...
सैन जोस, एपी। अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां ग्रेस बैप्टिस्ट चर्च के के सामने कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया है। इस वारदात में जहां दो लोगों की जान गई है वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। कैलिफोर्निया के मेयर सैम लिकार्डो ने हमले में दो लोगों की मौत पर दुख जताया और कहा कि मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि कुछ देर बार उन्होंने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया।
मेयर सैम लिकार्डो ने कहा कि पुलिस हमले के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने कहा है कि हमले के वक्त चर्च में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था। उस समय बेघर व्यक्तियों को ठंड से बचाने के लिए चर्च में लाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक घायलों में कुछ लोगों को बेहद गंभीर चोट आई हैं। इससे उनकी जान जाने की भी आशंका है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों फ्रांस भी ऐसे कई हमलों का शिकार हुआ है। भूमध्य सागरीय शहर नीस के एक गिरिजाघर में संदिग्ध हमलावर द्वारा चाकू से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद फ्रांस के लोगों में भारी आक्रोश है। बीते दिनों फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स (French Prime Minister Jean Castex) ने कहा था कि हम अपने दुश्मन को जानते हैं। हमने इसकी पहचान की है। यह कट्टरपंथी इस्लाम है जो एक राजनीतिक विचारधारा है। यह विचारधारा मुस्लिम धर्म को खारिज करती है। सरकार कट्टरपंथी इस्लाम के खिलाफ लगातार लड़ती रहेगी।
वहीं पीएम मोदी ने कड़े शब्दों में इन हमलों की निंदा करते हुए कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है। मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि हम बर्बर आतंकवादी हमले में फ्रांस के एक शिक्षक की निर्ममता से हत्या किये जाने की भी निंदा करते हैं। इस हमले ने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। इसके बाद भारत में फ्रांस के राजदूत एमेनुअल लिनेन ने भारत का आभार जताया था।