व्हाइट हाउस पर हमले की साजिश के आरोप में दो गिरफ्तार, आइएसआइएस से थे प्रभावित
अमेरिका में राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास व्हाइट हाउस और न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर को बम से उड़ाने या वहां हमला करने की साजिश रचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों इस्लामिक स्टेट से प्रभावित थे।
सैन एंटोनियो, एपी। अमेरिका में राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास व्हाइट हाउस और न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर को बम से उड़ाने या वहां हमला करने की साजिश रचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों इस्लामिक स्टेट से प्रभावित थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टेक्सास के जेलीन क्रिस्टोफर मोलिना और साउथ कैरोलिना के क्रिस्टोफर सियान मैथ्यू के रूप में हुई है। इन्हें पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।
इन दोनों के खिलाफ विदेशी आतंकी संगठन को हमले के लिए हथियार और अन्य सामग्री मुहैया कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। दोनों ने इस्लामिक स्टेट की तरफ से लड़ने के लिए सीरिया जाने या फिर व्हाइट हाउस, ट्रंप टॉवर, न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सजेंच या संघीय जांच एजेंसियों के मुख्यालयों पर हमला करने को लेकर बातचीत की थी।
इराक में आइएस से प्रशिक्षित भारतीय आतंकी दोषी करार
केरल की एक अदालत ने 2015 में इराक में आतंकी संगठन आइएस के प्रशिक्षित भारतीय आतंकी को भारत तथा इराक की सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आपराधिक षड्यंत्र रचने का दोषी करार दिया है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर एनआइए ने 2016 में तमिलनाडु में छापेमारी के बाद केरल निवासी सुब्हानी हाजा मोइदीन को गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही प्रमुख व्यक्तियों की हत्या करने और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर हमला करने की आइएस आतंकवादियों की साजिश को विफल किया गया था।
कोच्चि की विशेष एनआइए अदालत सोमवार को इस मामले में सजा सुनाएगी। दोषी मोइदीन को भारतीय दंड संहिता की धारा 120(बी) तथा 125 और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम की धारा 20, 38 तथा 39 के तहत दोषी करार दिया गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) द्वारा दायर आरोप पत्र में कहा गया है कि इडुक्की जिले का निवासी मोइदीन अप्रैल 2015 में सब कुछ जानते हुए भी आइएस का सदस्य बन गया था।