अमेरिका में पढ़ाई का सपना होगा महंगा, विदेशी छात्रों पर ट्रंप का शिकंजा
ट्रंप प्रशासन अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए नए नियम और भारी शुल्क लागू करने की तैयारी में है, जिससे अमेरिका में पढ़ाई महंगी हो जाएगी।
-1795400517100_m.webp)
HighLights
विदेशी छात्रों के लिए अमेरिका में पढ़ाई का खर्च बढ़ेगा।
ट्रंप प्रशासन अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर नए नियम और शुल्क लगाएगा।
OPT कार्यक्रम के लिए छात्रों को भारी शुल्क चुकाना पड़ सकता है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले विदेशी छात्रों के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए नए नियम और भारी शुल्क लागू करने की तैयारी में है।
उच्च शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इन कदमों से अमेरिकी विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों के दाखिले और घट सकते हैं। पहले ही मौजूदा शैक्षणिक सत्र में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के दाखिलों में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। इसका सबसे ज्यादा असर भारतीयों पर पड़ सकता है क्योंकि यहां से सबसे ज्यादा छात्र अमेरिका जाते रहे हैं।
अमेरिका में इस समय करीब 11 लाख अंतरराष्ट्रीय छात्र हैं। प्रस्तावित बदलावों का असर न केवल उनकी पढ़ाई, बल्कि डिग्री पूरी करने के बाद वहां काम करने के अवसरों पर भी पड़ सकता है। इससे अमेरिका विदेशी छात्रों के लिए पहले के मुकाबले कम आकर्षक विकल्प बन सकता है।
काम करने के अवसरों पर भी शुल्क की मार
पिछले महीने संघीय सरकार ने एक प्रस्ताव रखा था, जिसके तहत छात्र वीजा धारकों को 'आप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग' (ओपीटी) कार्यक्रम का लाभ लेने के लिए कम से कम 70 हजार डॉलर शुल्क देना पड़ सकता है। यह कार्यक्रम विदेशी छात्रों को स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में अस्थायी रूप से काम करने की अनुमति देता है।
इसके अलावा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के स्नातकों को ओपीटी की अवधि बढ़ाने के लिए 30 हजार डालर का अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ सकता है।
यह शुल्क सीधे कालेजों और विश्वविद्यालयों से वसूला जाएगा। हालांकि, संस्थान इसका बोझ छात्रों पर डालते हैं तो अमेरिका में पढ़ाई का खर्च और बढ़ सकता है।
अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी डैनियल डेलगाडो का कहना है कि ट्रंप प्रशासन की शुरुआत में उठाए गए सख्त कदमों से पूरी व्यवस्था में अनिश्चितता पैदा हुई थी। अब प्रशासन उसी सख्त रवैये को आधिकारिक नीतियों का रूप दे रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।