विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इमिग्रेशन, ईरान और एआई... मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप के इंटरव्यू की 5 बड़ी बातें

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:46 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 09 Nov 2026 09:55 AM (GMT+05:30)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे ईरान युद्ध, बढ़ती पेट्रोल कीमतें और इजरायल को लेकर नाराजगी को स्वीकार किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ईरान युद्ध और इमिग्रेशन नीति को हार का प्रमुख कारण बताया।

  2. अवैध प्रवासियों पर अपनी सख्त नीति को 'बहुत सख्त' माना।

  3. रूस-यूक्रेन युद्ध जल्द समाप्त होने का दावा किया।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया है कि मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे ईरान के साथ हुआ युद्ध भी एक प्रमुख वजह था। इसके साथ ही उन्होंने माना कि उनके प्रशासन का अवैध प्रवासियों को देश से निकालने का अभियान शायद जरूरत से ज्यादा सख्त था।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, ट्रंप ने चुनावी झटके का विश्लेषण करते हुए कहा कि मतदाता युद्ध, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और इजरायल को लेकर बढ़ती नाराजगी से असंतुष्ट थे। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान युद्ध को पार्टी की हार का कारण बताया था।

जिसपर, ट्रंप ने कहा कि मैं उनकी बात से असहमत नहीं हूं। इसके बावजूद उन्होंने तेहरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि वे ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते थे और इतिहास इस फैसले को सही ठहराएगा।

इमिग्रेशन पर डेमोक्रेट्स के साथ समझौते के संकेत

इमिग्रेशन के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि अवैध घुसपैठ पर की गई सख्त कार्रवाई ने रिपब्लिकन पार्टी को चुनावी तौर पर फायदा भी पहुंचाया और नुकसान भी।

उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा और अपराधियों को देश से निकालने के लिए उन्हें जनता का भारी समर्थन मिला, लेकिन अमेरिका में लंबे समय से रह रहे और नौकरियां कर रहे लोगों को बाहर निकाले जाने से लोगों में चिंता पैदा हुई।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी निर्वासन नीति बहुत ज्यादा सख्त हो गई थी, तो ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि यह शायद बहुत सख्त थी।

ट्रंप ने संकेत दिया कि वह डेमोक्रेट्स के साथ समझौते के लिए तैयार हैं, जिससे कई वर्षों से अमेरिका में रह रहे और होटल, रेस्टोरेंट या बागवानी जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों को कानूनी रूप से रहने की अनुमति दी जा सके, जबकि गंभीर अपराधों और ड्रग्स तस्करी में शामिल लोगों को बाहर निकालने का काम जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह संभव है और कई डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस पर मिलकर काम करने के लिए उनसे संपर्क किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समझौते के लिए जरूरी हुआ, तो वह अगले छह महीने तक डेमोक्रेटिक सांसदों पर व्यक्तिगत हमले या बयानबाजी करने से भी बचेंगे।

ईरान का परमाणु खतरा खत्म

राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोक दिया है। अब वह इस संघर्ष को और आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। ईरान में बचे हुए परमाणु पदार्थों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब उनके पास कुछ नहीं बचा है। सब कुछ हजारों टन चट्टानों के नीचे दफन हो चुका है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि होर्मुज खुला हुआ है और वहां से जहाजों की आवाजाही जारी है। उन्होंने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सेना की मौजूदगी का बचाव करते हुए कहा कि युद्ध के दौरान जिन देशों की अमेरिका ने रक्षा की है, वे अंततः अमेरिका को इस युद्ध के पूरे खर्च की भरपाई करेंगे। ट्रंप ने इस बात को खारिज कर दिया कि इस जलमार्ग को खुलवाने के लिए अमेरिका को कोई समझौता करना पड़ा।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर जल्द समझौते का दावा

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए समझौता बेहद करीब है। उन्होंने दोहराया कि अगर वह राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता।

समझौते में सबसे बड़ी बाधा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच की आपसी कड़वाहट को जिम्मेदार ठहराया।

ट्रंप ने कहा कि मेरा मानना है कि यह युद्ध खत्म होने जा रहा है, और बहुत जल्द खत्म होगा। और इसके खत्म होने की एकमात्र वजह मैं होऊंगा।

उन्होंने दोनों नेताओं में से किसी एक पर ज्यादा भरोसा जताने से परहेज किया, लेकिन इस बात से इनकार किया कि पुतिन बातचीत में देरी कर रहे हैं। संभावित शांति समझौते की शर्तों पर उन्होंने कहा कि इस युद्ध के बाद यूक्रेन का स्वरूप थोड़ा अलग होगा।

कैबिनेट में संभावित फेरबदल

मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बाद प्रशासन में बदलाव के संकेत देते हुए ट्रंप ने कहा कि हालांकि वे अपनी कैबिनेट के काम से संतुष्ट हैं, फिर भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।

उन्होंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर पूरा भरोसा जताया, जिनकी ईरान संघर्ष से निपटने के तौर-तरीकों को लेकर आलोचना हो रही थी।

एआई की दौड़ में चीन से मुकाबला

एआई पर ट्रंप ने कहा कि यह चीन के साथ प्रतिस्पर्धा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। अमेरिका इसमें बीजिंग से पीछे नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि जो इस दौड़ को जीतेगा, वही आगे रहेगा।

ट्रंप ने माना कि एआई से जुड़े जोखिम उतने गंभीर नहीं हैं जितना कुछ उद्योगपति बता रहे हैं और उन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा नियमों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसे कड़े नियम नहीं बनाए जाने चाहिए जिससे चीन के मुकाबले अमेरिका पिछड़ जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।