मिडटर्म चुनाव में हार के बाद साख बचाने की कवायद, एशिया में जिनपिंग और पुतिन संग न्यूक्लियर समिट करेंगे ट्रंप
मिडटर्म चुनाव में मिली हार और घरेलू विवादों से ध्यान भटकाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप एशिया दौरे पर जा ...और पढ़ें

मिडटर्म हार के बाद ट्रंप का एशिया दौरा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। मिडटर्म इलेक्शन में मिली करारी हार और घरेलू मोर्चे पर चौतरफा घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अब अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए वैश्विक कूटनीति का सहारा लेने जा रहा हैं।
घरेलू विवादों से ध्यान भटकाने की रणनीति के तहत ट्रंप अगले हफ्ते एशिया के दौरे पर रवाना होंगे, जहां वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक अभूतपूर्व परमाणु शिखर सम्मेलन करने जा रहे हैं।
घरेलू संकट से ध्यान भटकाने की कोशिश
अमेरिका में इस समय ट्रंप प्रशासन कई बड़े संकटों से जूझ रहा है। मिडटर्म चुनावों में झटके के अलावा देश में हवाई यातायात व्यवस्था चरमराने, ट्रंप कैबिनेट में बढ़ती दरारों और एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग से जुड़े जासूसी और अफेयर स्कैंडल ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
ऐसे में ट्रंप महाशक्तियों के साथ कूटनीति के जरिए दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि वैश्विक मंच पर उनका दबदबा अब भी कायम है।
19 नवंबर को जुटेंगी तीन परमाणु महाशक्तियां
चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन से इतर 19 नवंबर को ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की यह ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। यह पहला मौका होगा जब दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के शीर्ष नेता इस तरह एक साथ मंच साझा करेंगे।
इस बैठक का मुख्य एजेंडा परमाणु हथियार नियंत्रण है। गौरतलब है कि अमेरिका और रूस के बीच आखिरी परमाणु संधि न्यू स्टार्ट इसी साल फरवरी में समाप्त हो गई थी, जिससे आधी सदी में पहली बार दोनों देशों के परमाणु हथियारों पर कानूनी सीमा खत्म हो गई है।
ट्रंप ने इस संधि को केवल रूस के साथ आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया है कि भविष्य के किसी भी समझौते में चीन को शामिल करना जरूरी है।
वर्चस्व की जंग और व्यापार पर चर्चा
हालांकि इस बैठक में किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम है, क्योंकि चीन (600 से अधिक परमाणु हथियार) अपने जखीरे को बढ़ा रहा है और वह अमेरिका व रूस (5,000 से अधिक हथियार) जैसी पाबंदियां स्वीकार करने के मूड में नहीं है। फिर भी, इस मंच से जिनपिंग अपनी वैश्विक ताकत दिखाना चाहते हैं, तो पुतिन यह साबित करना चाहते हैं कि रूस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग नहीं पड़ा है।
परमाणु मुद्दे के अलावा, द्विपक्षीय स्तर पर ट्रंप और जिनपिंग के बीच व्यापार युद्ध, सेमीकंडक्टर निर्यात और दुर्लभ खनिजों पर चर्चा होगी, जबकि पुतिन के साथ यूक्रेन संकट मुख्य मुद्दा रहेगा।
जेनसन हुआंग विवाद पर चुप रहेंगे ट्रंप
इस दौरे के बीच एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग का मामला भी सुर्खियों में है। चीनी खुफिया एजेंट होने की संदिग्ध एलिस हुआंग के साथ संबंधों के खुलासे के बाद जेनसेन ने 12 नवंबर को इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि वे जिनपिंग के सामने यह मुद्दा नहीं उठाएंगे, ताकि व्यापार वार्ता पटरी से न उतरे।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले दौरे पर ट्रंप के साथ रहे जेनसेन इस बार नदारद रहेंगे, जबकि उनकी वापसी की मांग का समर्थन करने वाले दिग्गज कारोबारी एलन मस्क इस अहम एशियाई दौरे पर ट्रंप के साथ जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।