'बातचीत नाकाम रही तो नए साल के बाद फिर करेंगे हमला', ट्रंप ने ईरान को दी धमकी; तेहरान पर बातचीत लटकाने का लगाया आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि बातचीत विफल रहती है तो वह नए साल के बाद सैन्य हमला कर सकते हैं, तेहरान पर बातचीत में देरी का आरोप लगाया।
-1795381574895_m.webp)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप(फाइल फोटो)
HighLights
ट्रंप ने ईरान को नए साल बाद सैन्य हमले की धमकी दी।
ईरान ने होर्मुज संकट सुलझाने को अमेरिका के सामने रखी शर्तें।
ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार ठिकानों पर हमले की जिम्मेदारी ली।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को नई चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि दोनों देशों के बीच बातचीत विफल रहती है, तो वे नए साल के बाद ईरान पर फिर से सैन्य हमले करने का आदेश दे सकते हैं। ट्रंप ने तेहरान पर तनाव बढ़ाने और बातचीत में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया है।
फॉक्स न्यूज के अनुसार, रविवार को ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी चुनावों से पहले की तुलना में ईरानी वार्ताकार अब अधिक आक्रामक हो गए हैं। उनकी कूटनीति को बेमतलब बताते हुए ट्रंप ने ईरानी अधिकारियों को पेशेवर टॅप डांसर यानी बातों में उलझाने वाला करार दिया।
उन्होंने कहा कि वे हर समय सिर्फ बातें करते हैं, इसके अलावा कुछ नहीं करते, और उनकी सारी बातें बेबुनियाद हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास जारी व्यापक संघर्ष के बीच अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर रखी है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरानी जहाजों ने इस नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की, तो अमेरिकी सेना पूरी ताकत से जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि वे ऐसी कोशिश करें, ताकि वे भी अपनी बाकी नौसेना की तरह समुद्र की तलहटी में समा जाएं। ट्रंप ने यह भी आशंका जताई कि यदि कूटनीतिक प्रयास विफल रहे, तो अमेरिकी और ईरानी सेनाओं के बीच एक-दूसरे पर जवाबी हमले जारी रहेंगे।
होर्मुज संकट पर ईरान की शर्त
दूसरी ओर, ईरान का कहना है कि यदि अमेरिका उसकी शर्तें मान ले, तो होर्मुज जलडमरूमध्य के संकट को सुलझाया जा सकता है।
ईरान की अर्ध-आधिकारिक समाचार एजेंसी तस्नीम और अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि यदि वाशिंगटन अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत उचित शर्तों पर सहमत होता है, तो इस रणनीतिक जलमार्ग को फिर से खोलना मुश्किल नहीं होगा।
अराघची ने कहा कि समाधान के लिए अमेरिका को अपनी गलतियां स्वीकार करनी होंगी और पिछले वादों को पूरा करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने गाजा के हालात पर चर्चा करने के लिए इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) की एक आपात बैठक बुलाने की भी मांग की। उन्होंने गाजा की स्थिति को खामोश नरसंहार करार दिया।
बहरीन में अमेरिकी रडार ठिकानों पर हमले का ईरान का दावा
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बहरीन स्थित सैन्य अड्डों पर दो अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली है।
ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के बयान और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन के अल-रिफा और अवाली सैन्य अड्डों पर अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, अमेरिका की ओर से अभी तक इस हमले की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
आईआरजीसी ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी एमक्यू-1 और एमक्यू-9 ड्रोनों द्वारा ईरानी हवाई क्षेत्र के कथित बार-बार उल्लंघन और ईरान के हेंगम द्वीप पर स्थित एक रडार केंद्र पर हुए हमले के जवाब में की गई है।
ईरान में फिर भड़के प्रदर्शन
उधर, खबरों के मुताबिक ईरान के कई शहरों में एक बार फिर सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। जब ट्रंप से इन विरोध प्रदर्शनों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने प्रदर्शनकारियों के नाम संदेश देते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन जारी रखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।