ईरान ने मेरी हत्या कराई तो खत्म हो जाएगा उसका नामोनिशान- दावोस में ट्रंप खुली धमकी
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने उनकी हत्या का प्रयास किया, तो अमेरिका उसे धरती से मिटा देगा। यह धमकी ईरान की उस चेतावनी के बाद आई है, जिसमें उसने सर्वोच्च नेता खामेनेई के खिलाफ किसी भी कार्रवाई पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही थी। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप। (रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच तेहरान और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अगर ईरान ने उनकी हत्या कराई तो अमेरिका इस देश का धरती से नामोनिशान मिटा देगा। ट्रंप की यह धमकी तेहरान की उस चेतावनी के बाद आई है, जिसमें उसने देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई करने पर आगाह किया है।
ट्रंप ने न्यूजनेशन के कार्यक्रम 'केटी पावलिच टुनाइट' कार्यक्रम को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'मैंने बहुत सख्त निर्देश दे रखे हैं कि अगर कुछ होता है तो वे उन्हें इस धरती से मिटा देंगे।' इससे पहले ईरान ने ट्रंप को खामेनेई के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई करने पर चेतावनी दी।
ट्रंप ने खामेनेई के लगभग 40 वर्षों के शासन को खत्म करने का आह्वान किया, जिसके बाद ईरान ने यह चेतावनी दी। ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता जनरल अबुलफजल शेकारची ने कहा, 'ट्रंप जानते हैं कि अगर हमारे नेता की ओर हाथ भी बढ़ाया गया तो हम न केवल उस हाथ को काट देंगे बल्कि उनकी दुनिया में आग लगा देंगे।' जबकि ईरान की संसद ने खामेनेई को कुछ भी होने पर जिहाद छेड़ने की चेतावनी दी है।
बता दें कि ट्रंप ईरान में प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर कई बार चेतावनी दे चुके हैं। देश में 28 दिसंबर से महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ जारी प्रदर्शनों में अब तक पांच हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।
पूरी ताकत के साथ जवाब देगा ईरान: अरागची
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने बुधवार को अमेरिका के खिलाफ अब तक की सबसे सीधी और कड़ी चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि अगर उनके देश पर दोबारा हमला हुआ तो वह अपने पास मौजूद हर ताकत के साथ जवाब देगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर निर्मम कार्रवाई के चलते ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ रहा है। इस दमन के कारण ही दावोस में विश्व आर्थिक फोरम में उन्हें दिया गया निमंत्रण रद कर दिया गया।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।