'कोई देश मदद नहीं कर रहा...', ईरान युद्ध में अकेले पड़ गए ट्रंप; राजनीतिक समाधान की करने लगे बात
ईरान के खिलाफ 17वें दिन भी जारी युद्ध में ट्रंप खुद को अकेला महसूस कर रहे हैं। अमेरिका अब तक ...और पढ़ें

व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने इसका जिक्र किया (फोटो: रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के खिलाफ शुरू की गई जंग अब ट्रंप के गले की फांस बनती जा रही है। यह युद्ध अपने 17वें दिन में प्रवेश कर गया है, लेकिन अमेरिका अब तक अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया है। ऐसा लगता है कि ट्रंप इस युद्ध में अकेले पड़ गए हैं और वह अब राजनीतिक समाधान पर जोर डालने लगे हैं।
व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने इसका जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को फिर से शुरू करने के लिए कोई देश मदद करने में उत्साहित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ देश ने कहा है कि वह इस दिशा में बढ़ रहे हैं, कुछ ऐसे देश हैं जिनकी हमने कई सालों तक मदद की है। हमने उन्हें बाहर के भयानक खतरों से बचाया है, फिर भी वे ज्यादा उत्साहित नहीं दिखे।
समाधान निकालने पर जोर
ट्रंप ने ईरान युद्ध का राजनीतिक समाधान निकालने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस युद्ध का कोई सैन्य समाधान नहीं हो सकता, केवल राजनीतिक समाधान ही होगा। जबकि अब तक ट्रंप लगातार ईरान को सैन्य कार्रवाई से छिन्न-भिन्न कर देने के दावे कर रहे थे। ट्रंप के विचारों में अचानक आए इस परिवर्तन को युद्ध से पांव पीछे खींचने के तौर पर भी देखा जा रहा है।
बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सोमवार को युद्ध भयावह हमलों के साथ 17वें दिन में प्रवेश कर गया। ईरान ने यूएई और दुबई के हवाई अड्डे पर ड्रोन से हमला किया, जिससे वहां मौजूद ईंधन टैंक में आग लग गई। हमले के बाद ज्यादातर उड़ानें बाधित हो गईं। वहीं इजरायल ने तेहरान पर भीषण बमबारी करते हुए दावा किया कि हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर के विशेष विमान को नष्ट कर दिया गया है।
साथ ही दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ सीमित जमीनी कार्रवाई शुरू की गई है। पश्चिम एशिया संकट में कमी के आसार न दिखने से तेल की कीमतें 104.50 डॉलर तक पहुंच गईं। इजरायली सेना ने कहा कि ईरान के सैन्य उद्योग को बर्बाद करने के लिए अगले तीन हफ्ते तक लगातार बमबारी के लिए हजारों लक्ष्य चिह्नित किए गए हैं।
