'बस एक हफ्ते में खत्म हो जाएगा युद्ध', ईरान पर ताबड़तोड़ हमले के बाद ट्रंप का बड़ा दावा
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने नुकसान की भरपाई और खून का बदला लेने की बात कही है। वहीं, ...और पढ़ें

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान शांतिवार्ता के लिए छटपटा रहा है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने एक बार फिर कहा है हमें हुए नुकसान की पाई-पाई की भरपाई दुश्मन से कराई जाएगी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान शांतिवार्ता के लिए छटपटा रहा है और ये युद्ध ज्यादा से ज्यादा एक हफ्ते में खत्म हो सकता है।
वहीं, ईरान ने साफ कर दिया है कि अमेरिका को इस मुगालते में नहीं रहना चाहिए और जब तक संभव हो सकेगा, लड़ाई लड़ी जाएगी। आईएएनएस के अनुसार, ईरान के सुप्रीम लीडर के आधिकारिक टेलीग्राम संदेश में कहा गया कि यदि विरोधी पक्ष क्षतिपूर्ति देने से इनकार करता है तो ईरान उसकी उतनी संपत्ति अपने नियंत्रण में लेगा, जितनी वह उचित समझेगा, और यदि यह संभव नहीं हुआ तो बराबर नुकसान पहुंचाया जाएगा।
मोजतबा बोले- खून का बदला लेंगे
इससे पहले देश के नाम अपने पहले संदेश में मोजतबा ने देश में प्रतिरोध जारी रखने का आह्वान किया था और कहा था कि होर्मुज जलमार्ग को दुश्मन के लिए बंद रखने की रणनीति कायम रहेगी। लिखित संदेश में उन्होंने कहा कि तेहरान संघर्ष में मारे गए लोगों के खून का बदला लेने से पीछे नहीं हटेगा।
ईरानी सरकारी टेलीविजन पर पढ़े गए उनके संदेश में यह भी कहा गया कि ईरान पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध चाहता है, लेकिन केवल उन्हीं सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा जहां से उसके खिलाफ हमले किए जाएंगे। अमेरिका और ईरान के नेताओं के बीच सोमवार को जुबानी जंग और तेज हो गई।
ट्रंप का दावा- ईरान को संभलने में 10 साल लगेंगे
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को इतना नुकसान हुआ है कि उसे फिर से उठ खड़ा होने में 10 साल लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान बुरी तरह तबाह हो चुका है। हम चाहें तो अभी जीत का एलान कर सकते हैं, लेकिन इसे हफ्तेभर और देखना चाहिए। तब तक ईरान की बची-खुची ताकत भी खत्म हो जाएगी। अभी जीत के एलान की पूरी वजह नहीं दिखती। हमने उनको हर क्षेत्र में तबाह कर दिया है।
ट्रंप ने कहा कि खार्ग द्वीप पूरा नष्ट हो गया है। वहां केवल एक छोटा सा हिस्सा तेल ढांचे का ही बचा है। उसे भी हम केवल पांच मिनट में बर्बाद कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान हमसे युद्धविराम पर बात करने के लिए छटपटा रहा है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अभी पूरी तरह इसके लिए तैयार हैं।
ईरान का पलटवार, हम मजबूत स्थिति में
एपी के अनुसार, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह सैन्य कार्रवाई को तब तक जारी रखेगा, जब तक अमेरिका खुद इस अवैध युद्ध को रोकने की पहल नहीं करता। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि जहां तक संभव होगा हम लड़ाई जारी रखेंगे और खुद का बचाव करते रहेंगे।
अराघची ने कहा कि हमने कभी युद्धविराम को लेकर अमेरिका से कुछ नहीं कहा है। यहां तक कि हमने अमेरिका से बातचीत के लिए भी कभी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि हम पहले ही अपना बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध को राष्ट्रपति ट्रंप ने चुना है। उन्होंने कहा कि ये अस्तित्व की लड़ाई नहीं है। हम स्थिर हैं और काफी मजबूत स्थिति में हैं।
