विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ईरान से समझौते की जरूरत नहीं, वेंस घरेलू राजनीति पर ध्यान दें', मध्यावधि चुनाव में हार के बाद ट्रंप का यू-टर्न

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:46 PM (IST)

ट्रंप ने ईरान के साथ किसी समझौते की आवश्यकता से इनकार करते हुए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को डेमोक्रेट शासित राज्यों में भ्रष्टाचार पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया है।

हार के बाद ट्रंप का यू-टर्न (फाइल फोटो)

हार के बाद ट्रंप का यू-टर्न (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ट्रंप ने ईरान से किसी समझौते की आवश्यकता को नकारा।

  2. वेंस को घरेलू राजनीति और भ्रष्टाचार पर ध्यान देने का निर्देश।

  3. ईरान ने बातचीत के लिए सात शर्तें रखीं, होर्मुज में टैंकरों पर हमला।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान के साथ जारी टकराव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कूटनीतिक बातचीत को लेकर एक बार फिर अपना रुख बदलने के संकेत दिए हैं।

एएनआई के अनुसार, उन्होंने कहा है कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को तेहरान के साथ बातचीत के बजाय डेमोक्रेट शासित राज्यों में कथित भ्रष्टाचार और अपराध पर ध्यान देने का निर्देश दिया है।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है और प्रशासन के भीतर ईरान के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने की कोशिशें जारी होने की खबरें हैं।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने वेंस से मिनेसोटा, कैलिफोर्निया और इलिनोइस जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर कथित वित्तीय अनियमितताओं और अपराध की जांच पर ध्यान देने को कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में हर महीने अरबों डालर की सरकारी धनराशि की चोरी हो रही है। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई प्रमाण नहीं दिया।

ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका मजबूत स्थिति में है और उसे किसी समझौते की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान की सैकड़ों अरब डालर की संपत्ति अमेरिका के पास है और होर्मुज स्ट्रेट भी उसके नियंत्रण में है।

वेंस की अगुआई में बातचीत की कोशिश

ट्रंप का यह बयान वाल स्ट्रीट जर्नल की उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि वेंस को ईरान के साथ बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस ने अक्टूबर में ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव मोहसिन रेजाई को पत्र लिखकर बैठक का अनुरोध किया था।

हालांकि, रेजाई ने कहा है कि बातचीत की कोई तारीख तय नहीं हुई है। विशेष दूत स्टीव विटकाफ और जेरेड कुशनर की भूमिका भी इस नई पहल में सीमित होने की खबर है।

ईरान की सात शर्तें, फिर तय होगा बातचीत का एजेंडा

दूसरी ओर, ईरान के बसीज संगठन के प्रमुख होसैन ताएब ने कहा है कि तेहरान अपनी सात शर्तें पूरी होने और स्वीकार किए जाने के बाद ही बातचीत के प्रारूप और एजेंडे पर फैसला करेगा।

उन्होंने कहा कि अमेरिका की सात दिन या दो दिन की समय-सीमा से ईरान के रुख पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ताएब ने होर्मुज स्ट्रेट को भी शक्ति संतुलन का अहम कारक बताते हुए कहा कि मौजूदा टकराव में दोनों पक्षों की धैर्य और संघर्ष जारी रखने की क्षमता निर्णायक होगी।

होर्मुज स्ट्रेट में चार टैंकरों में विस्फोट के बाद लगी आग

रायटर के अनुसार, ईरानी सेना ने गुरुवार को बताया कि होर्मुज स्ट्रेट के गैरकानूनी रास्ते से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे चार टैंकर समुद्री माइंस की चपेट में आ गए। विस्फोट के बाद उनमें आग लग गई। सेना ने बताया कि इन टैंकरों ने चेतावनी को नजरअंदाज किया और प्रतिबंधित क्षेत्र से निकलना जारी रखा।

रिवोल्यूशनरी गार्ड (आइआरजीसी) ने बयान में कहा कि चपेट में आए दो जहाज सुपरटैंकर श्रेणी के थे। टैंकरों में आग से संबंधित वीडियो फुटेज भी इंटरनेट मीडिया पर जारी किए गए। उधर, यूके मैरिटाइम ट्रेड आपरेशंस एजेंसी (यूकेएमटीओ) ने बताया कि जहाजों पर अज्ञात मिसाइलों से हमले हुए हैं।

ट्रंप ने मेक्सिको पर दोहरा टैरिफ लगाने की दी चेतावनी

रायटर के अनुसार, ट्रंप ने चेतावनी दी है कि टेक्सास राज्य में डेमोक्रेट पार्टी की जीत के बाद हजारों की संख्या में मेक्सिकोवासी अमेरिका में घुसने के प्रयास में सीमा पर पहुंच गए हैं। अगर मेक्सिको सरकार ने उन पर रोक नहीं लगाई तो दोहरा टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि टेक्सास की नई गवर्नर गीना हिनोजोसा बहुत उदारवादी हैं। मेक्सिको से किसी भी अप्रवासी को अमेरिका में आने से रोकने के लिए बार्डर पेट्रोल बढ़ाई जा रही है। किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।