US मिडटर्म चुनाव रिजल्ट पर ट्रंप ने उठाए सवाल, लगाया धांधली का आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों के नतीजों की वैधता पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनावी धांधली का आरोप लगाया है।

ट्रंप ने अमेरिकी मिडटर्म चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों के नतीजों की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक बार फिर चुनावी धांधली के आरोप लगाए हैं। सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने चुनावों को मशानों का खेल बताया और नतीजों की निष्पक्षता पर शंका जताई।
उन्होंने चुनावी धांधली के उन दावों को फिर से हवा दी है, जो उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हारने के बाद बार-बार किए थे।
चुनाव पर उठाए सवाल
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, क्या कोई सच में मानता है कि यह चुनाव ईमानदार था? ओपिनियन पोल इतने गलत कैसे हो सकते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती वोटिंग के दौरान वोट के बड़े जत्थों ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के लिए जीतना नामुमकिन बना दिया।
ट्रंप के अनुसार, यह सब वोटिंग मशीनों का खेल है, जो मतदाताओं से भी अधिक महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।
व्यक्ति हार मानने से किया था इनकार
ट्रंप का यह आक्रामक बयान नतीजों के तुरंत बाद आई उनकी नरम प्रतिक्रिया के बिल्कुल विपरीत है। पिछले मंगलवार को नतीजे आने के बाद उन्होंने डेमोक्रेट्स को बधाई देते हुए कहा था कि उन्होंने अच्छा काम किया है और इन नतीजों को अपनी व्यक्तिगत हार मानने से इनकार कर दिया था।
हालांकि, अब उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के अपने पुराने रुख को दोहराते हुए फिर से धांधली का मुद्दा गरमा दिया है।
रिपब्लिकन पार्टी की हार
गौरतलब है कि इन मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को उसके पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले राज्यों में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सेनेट, पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया है।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बीच में आया यह राजनीतिक झटका उनकी पार्टी और नीतियों के लिए एक बड़ा आघात माना जा रहा है। ट्रंप द्वारा बार-बार नतीजों की वैधता को चुनौती दिए जाने से अमेरिका की भावी राजनीति और कूटनीतिक गलियारों में एक बार फिर बयानबाजी और तनाव बढ़ने की आशंका तेज हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।