ट्रंप ने घोषणा के कई घंटे बाद दी पद से हटाने की जानकारी, 31 तक विदेश मंत्री बना रहूंगा: टिलरसन
टिलरसन ने कहा कि इस महीने के अंत में पद छोड़ने से पहले वह विदेश उपमंत्री जॉन सुल्लिवन को जिम्मेदारियां सौंप देंगे।
वाशिंगटन, प्रेट्र। निवर्तमान अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पद से हटाने के ट्वीट के कई घंटे बाद उनको इस बारे में जानकारी दी। टिलरसन ने कहा कि इस महीने के अंत में पद छोड़ने से पहले वह विदेश उपमंत्री जॉन सुल्लिवन को जिम्मेदारियां सौंप देंगे। तकनीकी कारणों से वह 31 मार्च तक विदेश मंत्री बने रहेंगे।
-मार्च अंत तक पद पर रहेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री
टिलरसन अफ्रीका दौरे पर थे और इसी दौरान ट्रंप ने मंगलवार को उन्हें पद से हटाकर सीआइए प्रमुख माइक पोंपियो को नया विदेश मंत्री बना दिया था। टिलरसन अपनी यात्रा बीच में छोड़कर स्वदेश लौट आए। ट्रंप के साथ उनके तनावपूर्ण संबंध चल रहे थे। उत्तर कोरिया, रूस और ईरान संबंधी अमेरिकी विदेश नीति समेत कई मुद्दों को लेकर दोनों के बीच मतभेद थे। टिलरसन करीब एक वर्ष तक पद पर रहे। इस दौरान विदेश मंत्रालय के अधिकार को काफी कम कर दिया गया और उसके वार्षिक बजट में कटौती की गई।
टिलरसन ने बुधवार को विदेश मंत्रालय के मुख्यालय फॉगी बॉटम में अपना लिखित बयान पढ़ा। वह घटनाक्रम से क्षुब्ध दिखे। हालांकि इस दौरान उन्होंने ट्रंप का नाम नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि वह व्यवस्थित और निर्बाध दायित्व परिवर्तन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि वह आम नागरिक की तरह निजी जीवन में लौट जाएंगे। बुधवार को ही फॉगी बॉटम छोड़ने की उनकी योजना थी। हालांकि उनकी नियुक्ति 31 मार्च की मध्यरात्रि को समाप्त हो रही है।