अमेरिका में वर्षो से ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे लोगों से ट्रंप ने जताई सहानुभूति
अमेरिका में छह लाख भारतीय ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। इसके मिलने से अमेरिका में स्थायी रूप से बसने और काम करने की अनुमति मिलती है।अमेरिका में
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लंबे समय से ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे लोगों के प्रति बुधवार को सहानुभूति जाहिर की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में लोगों को अवैध रूप से दाखिल होने की इजाजत देना उन लोगों के साथ अन्याय होगा जो वैध प्रक्रिया का पालन करते हैं।
सरकारी अनुमान के अनुसार, अमेरिका में स्थायी तौर पर बसने हेतु वैध दर्जा पाने के लिए सालों से इंतजार कर रहे उच्च कुशल पेशेवरों में तीन चौथाई भारतीय हैं। इस दर्जे को ग्रीन कार्ड के तौर पर जाना जाता है। ट्रंप ने बुधवार रात विस्कंसिन में एक चुनावी रैली में कहा, 'यह आपके साथ अन्याय है। यह उन हजारों लोगों के साथ भी अन्याय है जो वैध प्रक्रिया का पालन करते हैं। कुछ लोग दस साल से इंतजार कर रहे हैं। सब कुछ ठीक होने के बावजूद उन्हें इंतजार करना पड़ता है, लेकिन दूसरे लोग महज मार्च कर सही हो जाते हैं।'
ट्रंप ने हाल में अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल होने वाले लोगों के प्रति सख्त रुख जाहिर किया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल होने वाले शरणार्थियों को रोकने के लिए सेना तैनात करेंगे। उनका यह बयान हजारों शरणार्थियों के काफिले के अमेरिका की ओर बढ़ने के बाद आया था। इस काफिले में लैटिन अमेरिकी देशों होंडुरास, अल-सल्वाडोर और ग्वाटेमाला के करीब सात हजार शरणार्थी शामिल हैं। वे मेक्सिको के रास्ते अमेरिका की ओर बढ़ रहे हैं।
छह लाख भारतीयों को ग्रीन कार्ड का इंतजार
अमेरिका में छह लाख से ज्यादा भारतीय ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। इस कार्ड के मिलने से अमेरिका में स्थायी रूप से बसने और काम करने की अनुमति मिलती है। पिछले साल 60,396 भारतीयों को ग्रीन कार्ड मिला था।