ट्रंप ने ओवल ऑफिस को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया, उद्घोषणा में ऐतिहासिक स्वरूप सुरक्षित रखने का दावा
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ट्रंप का यह पहला आधिकारिक कदम था। उन्होंने कहा कि किसी ...और पढ़ें

ट्रंप ने ओवल ऑफिस को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया (फोटो- रॉयटर)
HighLights
उद्घोषणा में ऐतिहासिक स्वरूप सुरक्षित रखने का दावा, लेकिन भविष्य के राष्ट्रपति साज-सज्जा बदलने के लिए स्वतंत्र
बड़े बदलाव से पहले दस्तावेजीकरण और समीक्षा जरूरी, ट्रंप ने कांग्रेस की मंजूरी को भी बताया अनिवार्य
एपी, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल कार्यालय और कैबिनेट कक्ष को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने संबंधी उद्घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं।
उनका कहना है कि इस कदम से व्हाइट हाउस के इन प्रतिष्ठित कक्षों का ऐतिहासिक और वास्तुशिल्पीय स्वरूप सुरक्षित रहेगा। हालांकि, इस फैसले से भविष्य के राष्ट्रपति इन कमरों की साज-सज्जा, फर्नीचर और सामान्य व्यवस्थाओं में बदलाव करने से नहीं रोके जाएंगे।
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ट्रंप का यह पहला आधिकारिक कदम था। उन्होंने कहा कि किसी को भी ओवल कार्यालय को नुकसान पहुंचाने, उसका आकार बदलने या उसे नष्ट करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उनके मुताबिक, ओवल कार्यालय भी व्हाइट हाउस की तरह अमेरिका का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। उद्घोषणा में स्पष्ट किया गया है कि इससे भविष्य के राष्ट्रपतियों के साज-सज्जा बदलने, फर्नीचर चुनने या सामान्य परिचालन और सुरक्षा संबंधी बदलाव करने के अधिकार सीमित नहीं होंगे।
हालांकि, ऐसे बदलावों से ऐतिहासिक संरचना या वास्तुशिल्पीय स्वरूप को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। इसमें गृह मंत्री को ओवल कार्यालय के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
साथ ही, किसी बड़े बदलाव या उसे ध्वस्त करने से पहले उसका दस्तावेजीकरण, समीक्षा और दूसरे विकल्पों पर विचार करना जरूरी किया गया है। ट्रंप ने दावा किया कि बड़े बदलाव के लिए कांग्रेस की समीक्षा भी आवश्यक होगी, हालांकि उद्घोषणा के लिखित प्रविधान में ऐसी स्पष्ट शर्त नहीं है।
बालरूम को लेकर भी घिरे हैं ट्रंप
व्हाइट हाउस लौटने के बाद से ट्रंप ने ओवल कार्यालय समेत कई कमरों की साज-सज्जा बदलवाई है। कार्यालय में सुनहरे अलंकरण, चित्र और स्वतंत्रता की घोषणा की प्रतिकृति लगाई गई है। कैबिनेट कक्ष में नए झूमर भी लगाए गए हैं।
इसके अलावा, भव्य बालरूम बनाने के लिए व्हाइट हाउस का ईस्ट विंग ध्वस्त किया गया है। ट्रंप की इन निर्माण परियोजनाओं को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
गुरुवार को सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने बालरूम परियोजना के दानदाताओं को पत्र लिखकर उनसे वित्तीय योगदान की जानकारी मांगी और जवाब नहीं मिलने पर अन्य कानूनी उपाय अपनाने की चेतावनी दी।
मेज पर रखी लाल ‘वीटो’ टोपी
उद्घोषणा पर हस्ताक्षर करते समय ट्रंप की मेज पर 'वीटो' लिखी लाल बेसबाल टोपी भी रखी थी। इसे कांग्रेस में बदलते सत्ता संतुलन के संदर्भ में देखा गया। इस टोपी को डेमोक्रेट्स के लिए राजनीतिक संदेश देने के लिए इस समय प्रमुखता से दिखाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।