ईरान युद्ध के लिए धन के इंतजाम में मुश्किल में फंसा ट्रंप प्रशासन, सरकार और संसद के बीच बढ़ रहा गतिरोध
पेंटागन की मांग वाले प्रस्ताव को पारित करने के लिए उच्च सदन सीनेट में 100 में से 60 सदस्यों का समर्थन चाहिए लेकिन सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के पास इतने सदस्य नहीं हैं।

ईरान युद्ध के लिए धन के इंतजाम में मुश्किल में फंसा ट्रंप प्रशासन (फोटो- रॉयटर)
HighLights
ईरान युद्ध पर मतभेद के चलते सीनेट में 60 सदस्यों का समर्थन जुटाना मुश्किल
संसद और सरकार के बीच के मतभेद जनवरी से और बढ़ जाने के आसार हैं
वाशिंगटन, रॉयटर। अमेरिका में ईरान युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और संसद (कांग्रेस) के बीच के मतभेदों के चलते रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के लिए 350 अरब डॉलर की मांग खटाई में पड़ गई है।
संघीय सरकार के खर्च की समयसीमा 11 दिसंबर को खत्म हो रही है और अभी तक पेंटागन की मांग पर कांग्रेस ने कोई फैसला नहीं किया है। इसके बाद क्रिसमस के चलते छुट्टियां हो जाएंगी, तब धन की मांग के प्रस्ताव पर कुछ नहीं हो पाएगा।
पेंटागन की मांग वाले प्रस्ताव को पारित करने के लिए उच्च सदन सीनेट में 100 में से 60 सदस्यों का समर्थन चाहिए लेकिन सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के पास इतने सदस्य नहीं हैं।
इतना ही नहीं ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के भी कई सीनेटर ईरान युद्ध के विरोधी हैं। ऐसे में पेंटागन की 350 अरब डॉलर की मांग वाले प्रस्ताव के पारित कराने में सरकार के लिए मुश्किल पैदा हो गई है।
संसद और सरकार के बीच के मतभेद जनवरी से और बढ़ जाने के आसार हैं तब मध्यावधि चुनाव में जीतकर आए सांसद भी सदन की कार्यवाही में शामिल हो जाएंगे।
मध्यावधि चुनाव परिणाम के अनुसार सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत खत्म हो जाएगा। इसके बाद ट्रंप के लिए अपनी सरकार चलाना और मुश्किल हो जाएगा।