अमेरिकी अरबपति मार्क बेनिऑफ ने 19 करोड़ डॉलर में खरीदी प्रतिष्ठित टाइम पत्रिका
पत्रिका के मुख्य संपादक ने बयान जारी किया कि बेनिऑफ दंपत्ति ने पत्रिका को निजी तौर पर खरीदा है और वे पत्रिका के संचालन और पत्रकारिता संबंधी फैसलों में दखल नहीं देंगे।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। दुनिया की सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली साप्ताहिक पत्रिका टाइम को अमेरिकी अरबपति मार्क बेनिऑफ और उनकी पत्नी लिन ने रविवार को 19 करोड़ डॉलर में खरीदा। पत्रिका के मुख्य संपादक ने बयान जारी किया कि बेनिऑफ दंपत्ति ने पत्रिका को निजी तौर पर खरीदा है और वे पत्रिका के संचालन और पत्रकारिता संबंधी फैसलों में दखल नहीं देंगे। इस पत्रिका की खरीद के साथ मार्क उन अमीर टेक उद्योगपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अखबारों और पत्रिकाओं को खरीदा है। इसमें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और अमेजन कंपनी के मालिक जेफ बेजोस भी शामिल हैं।
खासियत
पर्सन ऑफ द ईयर : यह टाइम पत्रिका के इतिहास का सबसे विशिष्ट और चर्चित पहलू रहा है। इसमें पत्रिका के मुख्य पृष्ठ पर उस व्यक्ति या समूह को जगह दी जाती है जिसने उस वर्ष सबसे ज्यादा सुर्खी बटोरी हो।
टाइम 100 : बीते कुछ वर्षों से टाइम पत्रिका सौ प्रभावशाली लोगों की सूची जारी कर रही है, जिन्होंने उस वर्ष दुनिया पर प्रभाव छोड़ा। इसमें फिल्मों, किताबों और फैशन आइकन जैसी कई अन्य श्रेणियां भी शामिल की गईं।
टाइम मैगजीन की 100 प्रभावशाली हस्तियों की सूची में रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन, सानिया मिर्जा, प्रियंका चोपड़ा और फ्लिपकार्ट के संस्थापक बिन्नी बंसल तथा सचिन बंसल शामिल हैं।
टाइम की टाइमलाइन
- 1923 में अमेरिकी पत्रकार ब्रिटन हैडन और अमेरिकी मैगजीन मैग्नेट हेनरी ल्यूस ने पहली अमेरिकी साप्ताहिक समाचार पत्रिका टाइम की शुरुआत की।
- शुरुआत में इसका नाम ‘फैक्ट्स’ प्रस्तावित किया गया, लेकिन बाद में इसे टाइम कर दिया।
- 1927 में पत्रिका ने ‘मैन/वुमेन ऑफ द ईयर’ चुनना शुरू किया। 2000 में इसे बदलकर ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ कर दिया गया।
- 1989 में टाइम इंकॉरपोरेशन और वार्नर कम्युनिकेशंस का विलय हो गया। टाइम पत्रिका टाइम वार्नर का हिस्सा बन गई।
- जनवरी, 2013 में पत्रिका को पहली महिला प्रमुख संपादक और सितंबर, 2013 में पहली महिला प्रबंधन संपादक मिलीं।
- नवंबर, 2017 में मेरीडिथ कोरपोरेशन ने टाइम इंकारपोरेशन का अधिग्रहण कर लिया।
इनके हाथ में आया टाइम
अमेरिका के 53 वर्षीय अरबपति इंटरनेट प्रणेता मार्क रसेल बेनिऑफ क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी सेल्सफोर्स के सह संस्थापक, चेयरमैन और सीईओ हैं। 2017 की फोर्ब्स 400 सूची में वे 150वें स्थान पर थे। फोर्ब्स की सूची ‘रिचेस्ट इन टेक 2017’ में वे 56वें स्थान पर थे। उनकी वर्तमान नेटवर्थ 6.7 अरब डॉलर है।
इन टेक उद्योगपतियों ने भी खरीदे अखबार और पत्रिकाएं
- दुनिया के सबसे अमीर इंसान और अमेजन कंपनी के मुखिया जेफ बेजोस ने 2013 में वाशिंगटन पोस्ट अखबार का अधिग्रहण किया।
- 2013 में बोस्टन रेड सॉक्स के अरबपति मालिक जॉन हेनरी ने अमेरिकी समाचार पत्र बोस्टन ग्लोब खरीदा।
- जून, 2013 में बॉयोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना नाम बनाने वाले पैट्रिक सून-शियोंग ने द लॉस एंजिलिस टाइम का अधिग्रहण किया।
- बीते वर्षों में अरबपति निवेशकवॉरन बुफे ने कई अखबार खरीदे हैं।
मेरेडिथ के प्रेसीडेंट और सीईओ टॉम हार्टी ने कहा, 'हम टाइम ब्रैंड के लिए मार्क और लाइनी बेनॉफ जैसे खरीददारों को पाकर काफी खुश हैं। पिछले 90 सालों में टाइम सबसे अहम घटनाओं और सबसे असरदार कहानियों का साक्षी रहा है, जिन्होंने वैश्विक संवाद को आकार दिया।'
सेल्सफोर्स ‘क्लाउड कंप्यूटिंग’ की दिग्गज कंपनी है। ‘पीपल’ और ‘बेटर होम्स एंड गार्डन्स’ जैसी पत्रिकाओं का प्रकाशन करने वाली मेरेडिथ ने आठ महीने पहले ‘टाइम इन्क’ की चार पत्रिकाओं को मार्च में बेचने की पेशकश की थी। ‘टाइम’ के बाद अब बची हुई तीन पत्रिकाओं फॉर्च्यून, मनी और स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड की बिक्री की बिक्री के संबंध में बातचीत जारी है।