इन 7 बड़े नंबरों से समझिए अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में कैसे पलटा पूरा गेम, 94 साल पुराने रिकॉर्ड हो गए ध्वस्त
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। डेमोक्रेट्स ने उन क्षेत्रों में भी जीत हासिल की है जहां वे पीढ़ियों से नहीं जीत पाए थे।

इन सात नंबरों से समझिए डेमोक्रेट्स की जीत (फोटो- रॉयटर)
HighLights
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त मिली है
फ्लोरिडा में डेमोक्रेट एंजी निक्सन सीनेट की सीट जीतने से तीन प्रतिशत अंक से भी कम दूर रहीं
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। डेमोक्रेट्स ने उन क्षेत्रों में भी जीत हासिल की है जहां वे पीढ़ियों से नहीं जीत पाए थे।
इन सात नंबरों से डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है-
99 : रॉयटर और यूएसए टुडे के जुटाए आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार तक जिन करीब 2,200 काउंटियों में अधिकतर मतों की गिनती हो चुकी थी, उनमें से 99 प्रतिशत में रिपब्लिकन पार्टी का प्रदर्शन कमजोर हुआ। पार्टी को अमीर एवं गरीब इलाकों, शहरों व उपनगरों, सभी जगह नुकसान हुआ है। जिन काउंटियों के आंकड़े जुटाए गए, वहां रिपब्लिकन पार्टी के वोटों का हिस्सा 2024 में ट्रंप को मिले वोटों के मुकाबले आठ प्रतिशत अंक घट गया।
94 : कंसास के मतदाताओं ने 94 वर्ष में पहली बार सीनेट के लिए एक डेमोक्रेट को चुना है। इस सीट और रिपब्लिकन के अन्य गढ़ों में डेमोक्रेट्स ने निर्णायक जीत हासिल की। कंसास में डेमोक्रेट एडम हैमिल्टन करीब पांच प्रतिशत अंक से आगे थे। टेक्सास में डेमोक्रेट जेम्स तलारिको, ट्रंप के पसंदीदा उम्मीदवार केन पैक्सटन से करीब 12 प्रतिशत अंक आगे थे।
64 : हिस्पैनिक आबादी जिन काउंटियों में बहुसंख्यक है, वहां मतगणना लगभग पूरी हो चुकी थी, उन सभी में डेमोक्रेट्स को बड़ी बढ़त मिली। सीनेट के चुनाव वाली ऐसी 64 काउंटियों में रिपब्लिकन पार्टी को मिले वोटों का हिस्सा 2024 में ट्रंप को मिले वोटों से 14 प्रतिशत अंक कम था।
यह देश के बाकी हिस्सों की तुलना में कहीं बड़ी गिरावट है। मेक्सिको से लगी दक्षिणी अमेरिकी सीमा पर स्थित टेक्सास की हिडाल्गो काउंटी में रिपब्लिकन पार्टी के वोटों का हिस्सा करीब 25 प्रतिशत अंक घटा। फ्लोरिडा की मियामी-डेड काउंटी में यह हिस्सा 10 प्रतिशत अंक कम हुआ।
11 : रिपब्लिकन पार्टी ने अब तक प्रतिनिधि सभा के किसी ऐसे निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल नहीं की है, जहां दो वर्ष पहले ट्रंप की जीत का अंतर 11 प्रतिशत अंक से कम था। इससे पता चलता है कि डेमोक्रेट्स की लहर इतनी मजबूत थी कि उसने उन रिपब्लिकन सांसदों को भी हरा दिया, जो आसानी से फिर चुने जा सकते थे। डेमोक्रेट्स ने ऐसे चार निर्वाचन क्षेत्रों में भी जीत हासिल की, जहां ट्रंप 15 प्रतिशत अंक से अधिक अंतर से जीते थे।
10 : रिपब्लिकन पार्टी को उम्मीद थी कि वह कुछ राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत और मजबूत कर लेगी। लेकिन यह कोशिश नाकाम रही। रिपब्लिकन पार्टी ने डेमोक्रेट्स के कब्जे वाली जिन 15 सीटों को निशाना बनाया था, उनमें से एक भी उसके हाथ नहीं आई। बुधवार को डेमोक्रेट्स 10 सीटें जीत चुके थे, जबकि पांच के नतीजे आने बाकी थे।
03 : फ्लोरिडा में डेमोक्रेट एंजी निक्सन सीनेट की सीट जीतने से तीन प्रतिशत अंक से भी कम दूर रहीं। यह ट्रंप का अपनाया हुआ गृह राज्य है और उनकी चुनावी ताकत का एक अहम केंद्र भी। दो वर्ष पहले दोबारा चुने जाने पर ट्रंप ने फ्लोरिडा में 13 प्रतिशत अंक से जीत हासिल की थी।
00 : मंगलवार को मतदान शुरू होने से पहले प्रतिनिधि सभा और सीनेट के जिन चुनावों को कड़ा मुकाबला माना जा रहा था, उनमें रिपब्लिकन पार्टी अब तक एक भी सीट नहीं जीत पाई है। डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा की दो दर्जन से अधिक ऐसी सीटें जीत चुके हैं, जहां कड़ा मुकाबला था। इसके अलावा उन्होंने कुछ ऐसी सीटें भी जीतीं, जहां रिपब्लिकन पार्टी की जीत की संभावना थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।