अमेरिका में 70 लाख के पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, वैक्सीन होने के बावजूद रूस बोला- घर में ही रहें बुजुर्ग
दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 70 लाख के पार पहुंच गया है। इस देश में अब तक कुल दो लाख से ज्यादा पीडि़तों की जान गई है। दुनिया के कुल मामलों का यह 20 फीसद से ज्यादा हिस्सा है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 70 लाख के पार पहुंच गया है। इस देश में अब तक कुल दो लाख से ज्यादा पीडि़तों की जान गई है। अमेरिका में अब मध्य-पश्चिमी प्रांतों में नए मामले तेज गति से बढ़ रहे हैं। समाचार एजेंसी रायटर के डाटा के अनुसार, अमेरिका में गुरुवार को कोरोना रोगियों का आंकड़ा 70 लाख के पार पहुंच गया। दुनिया के कुल मामलों का यह 20 फीसद से ज्यादा हिस्सा है।
अमेरिका में इस समय रोजाना कोरोना से 700 से अधिक लोगों की मौत हो रही है। जबकि इस महीने मध्य-पश्चिमी प्रांतों में संक्रमण में तेजी आई है। इस क्षेत्र के ओहियो को छोड़ बाकी सभी प्रांतों में पिछले चार हफ्तों के दौरान सबसे ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं। साउथ डकोटा और नार्थ डकोटा में सर्वाधिक पीडि़त पाए जा रहे हैं।
रायटर के अनुसार, इस महीने अमेरिका के 50 प्रांतों में से करीब आधे में पॉजिटिव मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस समय देश में रोजाना औसतन 40 हजार नए संक्रमित पाए जा रहे हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा संक्रमित कैलिफोर्निया प्रांत में हैं। इस प्रांत में अब तक करीब आठ लाख पीडि़त पाए गए। टेक्सास में सात लाख 60 हजार और फ्लोरिडा में छह लाख 90 हजार संक्रमित मिले हैं।
मॉस्को में बुजुर्गों को घर से नहीं निकलने की सलाह
रूस की राजधानी मॉस्को में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर नए उपायों का एलान किया गया है। अधिकारियों ने बुजुर्गों को सलाह दी है कि वे घर में ही रहें और बाहर नहीं निकलें। साथ ही कंपनियों से कहा गया है कि वे अपने ज्यादातर कर्मचारियों को घर से ही काम करने की अनुमति दें। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में कुल 7,212 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा 11 लाख 36 हजार से ज्यादा हो गया। अब तक 20 हजार से अधिक की जान गई है।
मेक्सिको : कोरोना से मरने वालों की संख्या 75 हजार के पार पहुंच गई। 5,407 नए केस मिलने से पीडि़तों की संख्या सात लाख 15 हजार हो गई।
पाकिस्तान : 798 नए मामले पाए जाने से कोरोना पीडि़तों की संख्या तीन लाख नौ हजार से अधिक हो गई। अब तक कुल 6,444 लोगों की मौत हुई है।
दक्षिण कोरिया : इस कोरियाई देश में शुक्रवार को 114 नए मामले मिलने से मरीजों की संख्या 23 हजार 455 हो गई है। कुल 395 की जान गई है।