वाशिंगटन में यूक्रेनी दूतावास के पास मिली संदिग्ध वस्तु, बम निरोधक दस्ता मौके पर मौजूद
वाशिंगटन डीसी में यूक्रेनी दूतावास के पास एक संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया।

यूक्रेनी दूतावास के पास मिली संदिग्ध वस्तु। (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
यूक्रेनी दूतावास के पास संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप।
सुरक्षा एजेंसियों ने दूतावास खाली कराकर पुल बंद किया।
बम निरोधक दस्ते ने जांच के बाद वस्तु को सुरक्षित बताया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में शुक्रवार सुबह यूक्रेनी दूतावास के पास एक संदिग्ध वस्तु बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया।
सुरक्षा के मद्देनजर सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूतावास की इमारत को खाली कराया। साथ ही एक मुख्य पुल को बंद कर दिया। हालांकि बम निरोधक दस्ते की गहन जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वस्तु से कोई खतरा नहीं था।
संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता ने बताया कि यह संदिग्ध वस्तु शुक्रवार सुबह करीब 8:40 बजे मिली, जिसके बाद एजेंसी, मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों ने तुरंत कार्रवाई की।
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता ने कहा कि पूरी सावधानी बरतते हुए अधिकारियों ने कई सड़कों और की ब्रिज को बंद कर दिया था। जांच चल रही है और आगे की जानकारी जल्द दी जाएगी। घटनास्थल पर तुरंत बम निरोधक दस्ता बुलाया गया ताकि संदिग्ध सामग्री की जांच की जा सके।
दूतावास को खाली कराया गया
यूक्रेन के चार्ज डी’अफेयर्स डेनिस सिएनिक ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर दूतावास परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया था और तुरंत बन निरोधक दस्ते को बुलाया गया था।
जांच के बाद राहत की सांस
डेनिस सिएनिक ने बाद में बताया, 'जांच के बाद अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बताया कि दूतावास के पास मिली वस्तु से कोई खतरा नहीं है।
राजनयिक मिशन के आसपास के पूरे इलाके को अब फिर से आवाजाही के लिए खोल दिया गया है और दूतावास की कॉन्सुलर सेवाएं जल्द ही फिर से शुरू कर दी जाएंगी।
तनावपूर्ण वैश्विक वार्ताओं की बीच घटना
यह सुरक्षा घटना ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका, यूक्रेन और रूस के बीच बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण दौर की बातचीत चल रही है।
कीव और मॉस्को के बीच चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त करने और शांति स्थापित करने के लिए वाशिंगटन लगातार कूटनीतिक बैठकों की मेजबानी कर रहा है। ऐसे दौर में हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए सुरक्षा एजेंसियों को चिंता बढ़ा दी थी।
