विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाएंगे मस्क, 10 लाख सेटेलाइट छोड़ने को मंजूरी

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:03 PM (IST)

स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाने के लिए 10 लाख उपग्रहों के प्रक्षेपण की मंजूरी मिली है, जो सौर ऊर्जा का उपयोग करेंगे। 

अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाएंगे मस्क। (रॉयटर्स)

अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाएंगे मस्क। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाने की मंजूरी।

  2. 10 लाख उपग्रहों का प्रक्षेपण, सौर ऊर्जा का उपयोग होगा।

  3. खगोलविदों ने उपग्रहों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताई।

डिजिटल डेस्क, टेक्सस। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के साथ दुनियाभर में डेटा सेंटरों की मांग बढ़ रही है। लेकिन इन्हें चलाने के लिए भारी मात्रा में बिजली और पानी की जरूरत पड़ती है। इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर विरोध भी बढ़ रहा है। ऐसे में अब डेटा सेंटरों को अंतरिक्ष में स्थापित करने की तैयारी है।

इसी दिशा में स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क को अमेरिकी अंतरिक्ष नियामक फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) से 10 लाख उपग्रहों के प्रक्षेपण की मंजूरी मिल गई है।इस परियोजना के तहत अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाए जाएंगे, जहां कंप्यूटिंग के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल होगा। ये केंद्र पृथ्वी पर इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में डेटा को प्रोसेस करेंगे।

कंपनी की योजना सन-सिंक्रोनस आर्बिट समेत दूसरी कक्षाओं में उपग्रह स्थापित करने की है। उपग्रह आप्टिकल लिंक के जरिये एक-दूसरे से संपर्क करेंगे, जबकि आपातकालीन और बैकअप संचार के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल होगा। एफसीसी के अनुसार, स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक इस परियोजना पर काम शुरू करना होगा।

नवंबर 2035 तक एक लाख यानी कुल संख्या के 10 प्रतिशत उपग्रह स्थापित करने होंगे। नवंबर 2038 तक पांच लाख उपग्रहों की तैनाती जरूरी होगी, जबकि नवंबर 2040 तक पूरी परियोजना का काम पूरा करना होगा।

खगोलविदों को शोध कार्य प्रभावित होने की आशंका

आईएएनएस के अनुसार, इस परियोजना को लेकर खगोलविदों ने चिंता जताई है। अमेरिकन एस्ट्रोनामिकल सोसाइटी ने एफसीसी के फैसले पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में उपग्रहों से रात का आसमान अधिक चमकीला हो सकता है। इससे दूरबीनों के जरिये होने वाले खगोलीय अध्ययन प्रभावित होंगे।

इसके अलावा उपग्रहों से निकलने वाली रेडियो तरंगों और गर्मी से रेडियो तथा इन्फ्रारेड खगोल विज्ञान को नुकसान पहुंच सकता है। उपग्रहों के बीच टक्कर, प्रक्षेपण और वायुमंडल में उनके दोबारा प्रवेश से होने वाले प्रदूषण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

हर अमेरिकी बच्चे को मिलेंगे स्पेसएक्स के दो शेयर

एलन मस्क ने गुरुवार को घोषणा की कि अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स के दो शेयर दिए जाएंगे। इनमें से एक शेयर कंपनी और दूसरा मस्क अपनी ओर से देंगे। मस्क के मुताबिक, कंपनी की ओर से मिलने वाला शेयर अगले महीने हस्तांतरित किया जाएगा, जबकि उनकी ओर से दिया जाने वाला शेयर अगले साल जून में उनके शेयरों की लॉक-अप अवधि समाप्त होने के बाद मिलेगा।

स्पेसएक्स के अनुसार, ये शेयर सक्रिय ट्रंप अकाउंट के जरिये दिए जाएंगे। कंपनी अपने क्लास-ए कॉमन स्टॉक का एक शेयर उपलब्ध कराएगी। इन अकाउंट का उद्देश्य अमेरिकी बच्चों के लिए लंबी अवधि की बचत को बढ़ावा देना है।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।